Jaipur: कांग्रेस की दिग्गज नेता सोनिया गांधी अपने 76वें बर्थडे पर राजस्थान के टाइगर रिर्जव रणथंभौर नेशनल पार्क पहुंची। इससे पहले गुजरात व हिमाचल प्रदेश के चुनावों के आए नतीजों के बाद व भारत जोड़ो यात्रा के बीच से ब्रेक लेकर राहुल गांधी सहित पूरा गांधी परिवार गुरुवार शाम को ही यहां पहुंच गया था। बता दें कि, गुरुवार शाम की पारी में सोनिया, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने रणथंभौर वन्यजीव उद्यान में टाइगर सफारी का लुत्फ उठाया।
इस दौरान तीनों ने मलिक तालाब की पाल पर बाघिन सहित गूलर तलाई पर नर बाघ की अठखेलियों देखकर रोमांचित हुए। बता दें कि, 37 साल बाद एक बार फिर से समूचा गांधी परिवार रणथंभौर पहुंचा है, इस दौरान सोनिया गांधी ने पुरानी यादों को ताजा किया। इसके बाद गांधी परिवार जोगी महल पहुंचा। गौरतलब है कि, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी भी रणथंभौर प्रवास के दौरान जोगी महल में ही रूके थे। सूत्रों के हवाले से आई जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को ठंड अधिक होने के कारण गांधी परिवार जंगल सफारी पर नहीं निकला। अब कयास ये लगाया जा रहा है कि, शाम की पारी में वे वन भ्रमण पर निकलेंगे। वहीं रणथंभौर स्थित एक निजी होटल में श्रीमति गांधी बेटे राहुल व बेटी प्रियंका समेत कुछ चुनिंदा मेहमानों के संग अपना 76वां बर्थडे मनाएंगी।
