Jaipur Supply of Domestic Gas: राजधानी जयपुर के लोगों के लिए ये एक अहम खबर है। शहर के घरों में अब पानी-बिजली के कनेक्शनों की तरह जल्द ही घरेलू गैस की सप्लाई होगी। बताया जा रहा है कि, इसकी शुरुआत नए साल के जनवरी माह में होने की संभावना है। वहीं दावा किया जा रहा है कि, 2023 के मार्च तक राजधानी के करीब 10 हजार घरों में पाइपलाइन के जरिए घरेलू गैस की आपूर्ति की जाएगी।
बता दें कि, पीएनजी की पाइपलाइन जोबनेर से कालवाड़ रोड तक पहुंच चुकी है। इसके बाद यह अजमेर रोड स्थित महिंद्रा सेज पहुंचेगी। यहां पर एक अपार्टमेंट में 1200 लोगों को घरेलू कनेक्शन देने के लिए अपार्टमेंट की सोसायटी का कंपनी से एमओयू हो चुका है। शहर में पीएनजी गैस 52.50 रुपए प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर में मिलेगी। कनेक्शन के लिए शुरुआत में 6 हजार रुपए देने होंगे। 5500 रुपए सिक्योरिटी राशि होगी, जो कनेक्शन हटाने पर रिफंड हो सकेगी।
