जयपुर

Jaipur: राजस्थान में सम्भवतः देश की अब तक की सबसे बड़ी ऑनलाइन ठगी, बिजनेसमैन के खाते से साफ हुए 16 करोड़, 4 गिरफ्तार

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 13, 2022, 08:04 PM IST

Jaipur: आरोपियों ने कारोबारी के मोबाइल पर मैसेज भेज कमोडिटी में निवेश कर करोड़पति बनने का झांसा दिया था। लालच में आकर कारोबारी ने आरोपियों के बताए मुताबिक 101 बार में करके कई बैंक अकाउंट्स में 16 करोड़ से भी अधिक की बड़ी रकम भेज दी। हैंडीक्राफ्ट कारोबारी अरविंद कालानी ने अपने साथ हुई 16 करोड़ 27 लाख की ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज करवाया था। मामले में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Image

राजस्थान के जोधपुर में एक कारोबारी से करोड़ों की ठगी (सांकेतिक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • आरोपियों ने सबसे पहले पीड़ित कारोबारी के मोबाइल पर भेजा मैसेज
  • 2 लाख 27 हजार रुपए देकर कारोबारी ठगों की कंपनी का सदस्य बना
  • कारोबारी ने 101 बार में 16 करोड़ से अधिक की रकम आरोपियों के अकाउंट्स में भेज दी

Jaipur: राजस्थान के जोधपुर में एक कारोबारी से करोड़ों की ठगी करने के 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कारोबारी के मोबाइल पर मैसेज भेज कमोडिटी में निवेश कर करोड़पति बनने का झांसा दिया था। लालच में आकर कारोबारी ने आरोपियों के बताए मुताबिक 101 बार करके कई बैंक अकाउंट्स में 16 करोड़ से भी अधिक की बड़ी रकम भेज दी। इसके बाद पीड़ित कारोबारी लगातार आरोपियों के चंगुल में फंसता गया।

इस बीच शातिर ठग पीड़ित को रोजाना अपने मुनाफे के बारे में बताते रहे। जिससे उसका ठगों पर भरोसा पक्का हो गया। इसके बाद जब कारोबारी ने 50 करोड़ के मुनाफे की बात कही तो उसे ब्लॉक कर दिया गया। जब कारोबारी ने जानकारी जुटाई तो उसे अपने साथ ठगी होने की जानकारी मिली। इसमें एक बात ये अच्छी रही कि, कारोबारी ठगों के झांसे में आकर 10 करोड़ की रकम और निवेश करने जा रहा था। मगर उसे ब्लॉक करने के चलते ये रकम बच गई।

महामंदिर थाने में दर्ज करवाया मामला

महामंदिर पुलिस के मुताबिक, बीते 28 नवंबर को हैंडीक्राफ्ट कारोबारी अरविंद कालानी ने अपने साथ हुई 16 करोड़ 27 लाख की ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज करवाया था। मामले में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें पुलिस महाराष्ट्र के पुणे से मोहम्मद सादिक और राहुल को व राजस्थान के उदयपुर से दीपक व मानव को गिरफ्तार किया है। इतनी बड़ी रकम की ठगी होने के बाद से कारोबारी सदमे में है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की पूरी जानकारी जुटा रही है। महामंदिर पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के किराए पर लिए गए बैंक अकाउंट्स में मंगवाई गई रकम अकाउंट्स में से सेल्फ विड्रॉल करने वाला एक ही व्यक्ति है, जिसकी तलाश की जा रही है। बाकी अकाउंट्स से पैसों को केवल दूसरे अकाउंट्स में भेजा जा रहा है। अब साइबर पुलिस इस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

किराए के अकाउंट्स में करवाया ट्रांजेक्शन

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मोबाइल पर मैसेज भेजने के बाद पीड़ित कारोबारी को 1 अक्टूबर को 2 लाख 27 हजार की रकम मंगवाकर मेंबर बनाया। इसके बाद 21 नवंबर तक 101 बार खातों में कुल 16 करोड़ 27 लाख रुपए मंगवा लिए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया है कि, आरोपियों ने देश के 7 राज्यों में स्थित 4 बैंकों के 8 अकाउंट्स में रुपए मंगवाए थे। पुलिस के मुताबिक, सबसे अधिक रकम आरोपियों ने राजस्थान के उदयपुर व मुबंई के कांदीवली इलाके में मौजूद बैंक खातों में मंगवाई। जिसमें उदयपुर में तीन बार में 22, 27 व 35 लाख रुपए मंगवाए। जबकि, कांदीवली के बैंक में एक बार में ही एक करोड़ मंगवा लिए। कारोबारी ने पुलिस को बताया कि, ठगों ने भरोसा जीतने के लिए एक बार 22 लाख रुपए की रकम वापस भी लौटाई थी।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article