Rajasthan News: राजस्थान में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है, जिसमें 62 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसके तहत 11 जिलों के कलेक्टरों को भी बदला गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार में पावरफुल माने जाने वाले अखिल अरोड़ा को पांच वर्षों बाद वित्त विभाग से हटाकर जलदाय विभाग में नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार गहलोत के प्रमुख सचिव रहे कुलदीप रांका को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रमुख सचिव आलोक गुप्ता को उद्योग विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। जिन जिलों में कलेक्टर बदले गए हैं उनमें फलोदी, हनुमानगढ़, सवाई माधोपुर, भरतपुर, कोटा, राजसमंद, ब्यावर, झुंझुनू, कोटपूतली और टोंक शामिल हैं। इसके अलावा जयपुर ग्रेटर और जयपुर हेरिटेज नगर निगम के आयुक्तों का भी तबादला किया गया है।
