Jaipur Covid Update: चीन में भारी तबाही मचा रहे कोरोना के नए वेरिएंट से पूरी दुनिया खौफ की जद मे है। दुनिया के कई देशों ने इससे बचाव को लेकर अलर्ट मोड पर काम करना शुरू कर दिया है। इधर, केंद्रीय स्वास्थ मंत्रालय ने चीन समेत दक्षिण एशिया के कई देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में जयपुर एयरपोर्ट पर भी रैंडम सैंपलिंग व थर्मल स्क्रीनिंग को लेकर दो काउंटर शुरू किए गए हैं।
एयरपोर्ट के एक सीनियर ऑफिसर के मुताबिक हर इंटरनेशनल फ्लाइट के 2 प्रतिशत पैसेंजर्स की रैंडम कोविड जांच की जाएगी। इसे लेकर एयरपोर्ट के आगमन हॉल में अतिरिक्त सैंपलिंग काउंटर बनाए गए हैं। पैसेंजर्स की सबसे पहले थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद एयरलाइन की ओर से चुने गए 2 फीसदी पैसेंजर्स की जानकारी दर्ज कर सैंपल लेने के बाद उन्हें घर जाने की अनुमति दी जाएगी। यदि पैसेंजर कोविड पॉजिटिव पाया जाता है तो उसका नमूना जीनोम टेस्टिंग के लिए भेजा जाएगा।
बैंकॉक के पैसेंजर्स के लिए आरटी-पीसीआर जरूरी
एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक थाईलैंड से आने वाले हर पैसेंजर्स के लिए आरटी-पीसीआर रिपोर्ट नेगेटिव होना आवश्यक है। एयरपोर्ट पर की जा रही जांचों का खर्च नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से वहन किया जाएगा। वहीं कोविड प्रॉटोकोल के नियमों के मुताबिक हर अंतरराष्ट्रीय पैसेंजर वैक्सीनेटेड होना चाहिए। बता दें कि, जयपुर एयरपोर्ट से प्रतिदिन औसतन 5 इंटरनेशनल फ्लाइट संचालित हैं। जिनमें 2 दुबई, 2 मस्कट, शारजाह और बैंकॉक की 1-1 फ्लाइट शामिल है।
जयपुर में 70 से अधिक एक्टिव केस
कोविड की डराने वाली खबरों के बीच जयपुर में शनिवार तक 17 नए केस पाए जाने के साथ ही राजधानी में अब कुल एक्टिव् केसों की संख्या बढ़कर 70 से अधिक हो गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वस्थ्य कार्यालय की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक शर के झोटवाड़ा व शास्त्री नगर में 4, वहीं आमेर, बनीपार्क, बस्सी, चांदपोल, सिविल लाईन्स, गलता गेट, कोटपूतली, शाहपुरा, सिरसी, सोडाला और ट्रांसपोर्ट नगर में 1-1 नए केस मिले हैं। फिलहाल जयपुर में एक्टिव केसों की संख्या 70 से अधिक हो गई है। इधर, प्रदेश के स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से आदेश जारी होने के बाद भी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य क्राउड वाली जगहों पर रैंडम सैंपलिंग शुरू नहीं हो पाई है।
