Jaipur Accident: जयपुर ग्रामीण के शाहपुरा में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। जहां मजदूरों से भरी एक बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। जिससे बस में करंट फैल गया और आग लग गई। इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और करीब एक दर्जन लोग झुलस गए। जिनमें से 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को तुरंत शाहपुरा उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं दमकल टीम ने बस में लगी आग पर काबू पाया।
ईंट भट्टे पर मजदूरों के साथ आई थी बस
यह हादसा जयपुर ग्रामीण के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में टोडी गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक मजदूरों से भरी बस यूपी से मनोहरपुर के टोडी स्थित ईंट भट्टे पर आई थी। रास्ते में बस ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे बस में करंट फैल गया और स्पार्किंग से आग लग गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा तफरी का माहौल बन गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।
