Jaipur News: जयपुर में एक मकान में आग लगने की जानकारी सामने आई है। आग लगने की इस घटना में पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई है। इस घटना में पति-पत्नी और तीन बच्चों की दर्दनाक मौत हुई है। पुलिस द्वारा दी जानकारी के अनुसार, सिलेंडर में आग लग जाने की वजह से ये हादसा हुआ है। आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
आग लगने से जिंदा जले परिवार के 5 लोग
मकान में आग लगने की ये घटना विश्वकर्मा थाना इलाके के यादव मार्केट के पास हुई है। पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सिलेंडर में आग लगने की वजह से पूरे मकान में आग फैल गई है, जिससे ये हादसा हुआ। जब तक दमकल विभाग की टीम आग पर काबू कर पाती तबतक एक परिवार के पांच सदस्यों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जिसमें पति-पत्नी और तीन बच्चे शामिल थे। इस घटना के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया। मामले की जानकारी प्राप्त करने के बाद जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा भी लिया।
सीएम ने किया दुख प्रकट
आग लगने की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने x पर पोस्ट कर दुख जाहिर किया। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांती और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
