Indian Railways: भारतीय रेलवे यात्रियों को ट्रेनों की गति के साथ बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में काम कर रहा है। इसके लिए हाई स्पीड ट्रैक बनाया जा रहा है। देश के दूसरे हाई स्पीड रेलवे कॉरिडोर को ग्रीन सिग्नल मिल गया है। दिल्ली कैंट से जयपुर तक एलिवेटेड ट्रैक तैयार करने का रेलवे ने निर्णय लिया है। ट्रैक के बनने के बाद इस पर हाई स्पीड ट्रेनों का संचालन हो सकेगा। दरअसल, दिल्ली-जयपुर के बीच सड़क मार्ग के साथ ही रेल मार्ग से सफर सुगम और आसान करने की कवायद की जा रही है। कवायद के बीच रेल मंत्रालय दिल्ली कैंट से जयपुर तक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनाएगा।
ट्रैक पर 200 से 220 की स्पीड से ट्रेनें दौड़ेंगी। इसके साथ ही गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के अपग्रेडेशन के डिजाइन में बदलाव करने का निर्णय लिया गया है। अब उसे भी एलिवेटेड ट्रैक के हिसाब से डिजाइन किया जाएगा।
दिल्ली से जयपुर तक का सफर सिर्फ दो घंटे में
हालांकि, इसके लिए पहले डीपीआर तैयार की जाएगी। इसमें रूट के बजट और उससे संबंधी जानकारी को मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद ही काम आगे बढ़ाया जाएगा। अनुमति मिलने के बाद 2024 में इस परियोजना पर कार्य शुरू होगा। ट्रैक के बनने के बाद दिल्ली से जयपुर तक का सफर सिर्फ दो घंटे में पूरा हो जाएगा। आपको बता दें कि अभी दिल्ली से जयपुर तक के सफर में यात्रियों को करीब पांच से छह घंटे का समय लगता है, लेकिन इस रूट के बनने के बाद यह दूरी आधी से भी कम रह जाएगी। मौजूदा समय में अहमदाबाद से मुंबई के लिए हाई स्पीड ट्रैक का कार्य चल रहा है।
जयपुर तक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनाने का प्लान
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के अपग्रेडेशन के टेंडर की प्रक्रिया मार्च महीने में पूरी होनी थी, लेकिन रेल मंत्रालय ने दिल्ली कैंट से जयपुर तक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनाने का प्लान बनाया है। अब रेलवे स्टेशन अपग्रेडेशन के डिजाइन को री डिजाइन करने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रीय मंत्री के अनुसार, इस एलिवेटेड रेल ट्रैक को जमीनी स्तर से करीब 15 से 18 मीटर की ऊंचाई पर निर्माण किया जाएगा। रेल मंत्रालय का प्लान है कि दिल्ली से जयपुर की दूरी को घटाया जाए। इसी योजना के मुताबिक एलिवेटेड रेल ट्रैक को मंजूरी दी गई है।
