जयपुर

Bhilwara में भीषण हादसा, उज्जैन से पुष्कर जा रही स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलटी, 24 लोग घायल

Bhilwara Road Accident: उज्जैन से पुष्कर धार्मिक यात्रा के लिए जा रही यात्रियों से भरी बस भीलवाड़ा में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना से पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Image

भीलवाड़ा में भीषण सड़क दुर्घटना

Bhilwara Road Accident: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। सुबह के समय एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 24 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यह यात्रियों से भरी स्लीपर बस उज्जैन से पुष्कर धार्मिक यात्रा के लिए जा रही थी। तभी ओवरटेक के दौरान बस हाईवे के डिवाइडर पर पलट गई और यह हादसा हो गया।

धार्मिक यात्रा के लिए जा रही स्लीपर बस पलटी

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह पांच बजे मांडल थाना क्षेत्र के धूल खेड़ा के पास हुआ। स्लीपर बस धार्मिक यात्रा के लिए उज्जैन से पुष्कर के लिए जा रही थी। ओवरटेक के दौरान बस हाईवे के डिवाइडर पर पलट गई। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मदद में जुट गए। इस दौरान तुरंत मांडल थाना पुलिस को हादसे की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर एएसआई पृथ्वीराज सहित कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। घायल लोगों को बस से बाहर निकाल कर उन्हें भीलवाड़ा के महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया गया।

झांसी निवासी घायल यात्री बनमाली साहू ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि बस उज्जैन से आ रही थी। एक डंपर चालक ने टक मार दिया, इस वजह से बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 24 से 25 लोग घायल हुए हैं। सहयात्री द्वारका प्रसाद ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि हादसा सुबह लगभग 4.30 बजे हुआ। हम महाकालेश्वर से आ रहे थे। हम तीन धाम की यात्रा कर रहे थे। हमें घर से निकले एक महीने से ज्यादा का समय हो गया है। हम पुष्कर जा रहे थे। इसके बाद हम मथुरा बालाजी जाते, फिर घर जाते। हालांकि, पुष्कर जाते समय ही ये हादसा हो गया। बस में कुल 54 लोग सवार थे, जिसमें स्टाफ के लोग भी शामिल थे।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हुआ। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 24 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 21 लोगों को महात्मा गांधी हॉस्पिटल लाया गया। इसमें से 12 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article