Jodhpur News: ग्रेटर नोएडा के बाद जोधपुर में एक महिला ने दहेज की मांग से परेशान होकर अपनी मासूम बेटे की साथ खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। इस घटना में मां-बेटी दोनों बुरी तरह से झुलस गई और उनकी मौत हो गई। महिला के परिवार वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से सबूत एकत्रित किए गए।
घर बंद कर महिला ने खुद को लगाई आग
पुलिस ने बताया कि यह मामला डांगियावास थाना क्षेत्र के सरनाड़ा की ढाणी काकेलाव का है। मृतक महिला की पहचान संजू बिश्नोई (32 वर्ष) और यशस्वी (3 वर्ष) के रूप में की है। संजू बिश्नोई फिटकासनी गांव के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लेक्चरर थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के दौरान संजू बिश्नोई अपनी बेटी के साथ अकेली घर में थी। उन्होंने खुद को घर में बंद किया और पेट्रोल छिड़ककर कुर्सी पर बैठ गई और खुद को आग लगा ली, जिसके बाद वह फर्श पर गिर गई। पुलिस ने बताया कि बेटी की मौके पर ही मौत हो गई थी।
अधिकारी ने बताया कि घर से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने महिला के पिता को फोन किया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने बेटी को आंख के सामने जिंदा जलते हुए देखा तो चीख-पुकार मच गई। बड़ी मुश्किल के साथ परिवार और पड़ोसियों ने मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया, जहां बच्ची यशस्वी को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया और महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
महिला के परिवार ने लगाया दहेज का आरोप
संजू की मौत के बाद उसके परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए परेशान करने के साथ आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। दहेज अग्निकांड को लेकर थाना अधिकारी राजेंद्र चौधरी ने बताया कि इस मामले की जांच एसीपी द्वारा की जा रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि संजू की शादी 10 साल पहले दिलीप से हुई थी। घटना के समय दिलीप घर पर नहीं था, वह कहीं बाहर गया हुआ था।
