Rajasthan Jaipur Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: राजस्थान में नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस)सक्रिय हुआ है जिससे राजस्थान समेत आसपास के राज्यों का मौसम भी बदलता दिख रहा है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से आज भी राजस्थान में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने राज्य के लगभग पूरे इलाके में आज भी बारिश की संभावना जताई है। अभी गर्मी से राहत है,हालांकि 6 जून के बाद राज्य का पारा फिर चढ़ता दिखेगा।
जयपुर का मौसम
कल जयपुर में हल्के गरज चमक के साथ बारिश हुई थी। जिसके कारण राजधानी का मौसम कुछ नरम रहा। कल राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान जैसलमेर का रहा, जो 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान सीकर का रहा, जो 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में कल का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। आज के तापमान की बात करें तो जयपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। जयपुर में आज भी तड़-गरज के साथ बारिश की संभावना है।
इन इलाकों के लिए आया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले कुछ घंटों में जयपुर, जयपुर शहर, दौसा, टोंक, सवाईमाधोपुर, श्रीगंगानगर और आसपास के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर तड़क-गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है।
करौली, धौलपुर, बारां, कोटा, अलवर, भरतपुर, सीकर, हनुमानगढ़, झुंझुनू और आसपास के इलाकों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
कैसा होगा कल का मौसम
कल के मौसम की बात करें तो कल, यानी 6 जून से आंधी और बारिश की चल रही गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। इसी के साथ कल से पारा चढ़ना भी शुरू होगा। पूर्वी राजस्थान में कोटा और उदयपुर के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। वहीं कल पश्चिमी राजस्थान में सूखा मौसम रहने वाला है। वहीं परसों से, यानी 7 जून से बीकानेर के इलाकों में फिर लू का कहर लौट सकता है।
