Jaipur Stone-Pelting: राजस्थान की राजधानी जयपुर के चौमू इलाके में एक धार्मिक स्थल के पास कथित अतिक्रमण को लेकर तनाव बढ़ गया, जिसके बाद पथराव की घटना सामने आई। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।
उपद्रवियों ने पुलिस पर फेंके पत्थर
डीसीपी वेस्ट, जयपुर हनुमान प्रसाद मीणा ने समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में बताया कि चौमू में एक धार्मिक स्थल से जुड़े विवाद को लेकर तनाव उत्पन्न हो गया और जब पुलिस ने कार्रवाई की तो कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्होंने कहा कि अब तक कुल 110 उपद्रवियों को उनके घरों से हिरासत में लिया गया है।
भारी सुरक्षाकर्मी तैनात, इंटरनेट बंद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कालनदारी मस्जिद के पास कथित अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो शुक्रवार को हिंसा में बदल गया। हालात को काबू में रखने के लिए पुलिस ने भारी संख्या में बल तैनात किया और इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं। रविवार सुबह 8 बजे तक इंटरनेट बंद रहने वाला है।
'फरार उपद्रवियों की जल्द होगी गिरफ्तारी'
जयपुर के विशेष पुलिस आयुक्त राहुल प्रकाश ने बताया कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा, ''कुछ स्थानों पर पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश भी की गई, ऐसे लोगों को भी पकड़ा गया है। फिलहाल मौके पर स्थिति शांतिपूर्ण है।” उन्होंने यह भी बताया कि कई हिरासत में लिए गए लोग आदतन उपद्रवी हैं और फरार लोगों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
