शहर

एयरफोर्स का कर्मचारी निकला पाकिस्तानी जासूस, जयपुर कोर्ट ने रिमांड पर भेजा; 2023 से रच रहा था साजिश

राजस्थान इंटेलिजेंस और एयरफोर्स ने जयपुर में एक बड़े जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। असम के झबुआ एयरफोर्स स्टेशन पर तैनात सुमित कुमार को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने मिसाइलों और लड़ाकू विमानों की गोपनीय तस्वीरें साझा की थीं।

Image

राजस्थान इंटेलिजेंस ने आरोपी को पकड़ा (सांकेतिक चित्र | iStock)

Photo : iStock

जयपुर में एक बड़े जासूसी मामले का खुलासा हुआ है। राजस्थान इंटेलिजेंस और एयरफोर्स की संयुक्त कार्रवाई में एयरफोर्स से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं पाकिस्तान तक पहुंचाने वाले एक जासूस को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को सोमवार को डिस्ट्रिक्ट कोर्ट जयपुर के सीजेएम कोर्ट-1 जयपुर में पेश किया गया, जहां से उसे 2 अप्रैल तक पुलिस कस्टडी (PC) रिमांड पर भेज दिया गया है।

पाकिस्तान से जुड़े तार

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है, जो असम के झबुआ एयरफोर्स स्टेशन पर सिविल कर्मी के रूप में कार्यरत था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुमित कुमार पाकिस्तान के हैंडलर्स के संपर्क में था और उन्हें सामरिक महत्व की अत्यंत गोपनीय सूचनाएं लगातार भेज रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने एयरफोर्स से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज, एयरक्राफ्ट्स और मिसाइलों की तस्वीरें भी पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ साझा की थीं। इतना ही नहीं, उसने कुछ बेहद संवेदनशील जानकारियां तीसरे माध्यम (थर्ड नंबर) के जरिए भी ट्रांसफर कीं, जिससे जांच एजेंसियां सतर्क हो गईं।

सूचनाएं देने के लिए मिलते थे पैसे

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी हैंडलर्स की ओर से सुमित कुमार को लाखों रुपये की रकम भेजी गई थी। यह रकम उसे गोपनीय सूचनाएं उपलब्ध कराने के एवज में दी जा रही थी।

2023 से लगातार सुमित कुमार पाकिस्तान के हैंडलर्स को एयरफोर्स से जुड़ी अति संवेदनशील जानकारियां पहुंचा रहा है। जिसमे कई एयरबेस से जुड़ी जानकारियां शामिल हैं। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाला सुमित कुमार पहला एयरफोर्सकर्मी है। हालांकि इससे पहले नौसेना जुड़े कर्मचारी पाकिस्तान के लिए जासूसी करते हुए गिरफ्तार हुए हैं।

पूछताछ जारी

फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और किन-किन महत्वपूर्ण सूचनाओं का लीक हुआ है। इस मामले के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

Lakhveer Singh Shekhawat
लखवीर सिंह शेखावतauthor

पत्रकारिता में पिछले सात साल से सक्रिय हैं, वर्तमान में Times Now नवभारत में राजस्थान ब्यूरो हेड हैं। इससे पहले, ज़ी मीडिया और न्यूज़18 नेटवर्क के राजस्थान चैनल के लिए दिल्ली ब्यूरो चीफ के रूप में कार्य किया है। उन्होंने जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से बीजेएमसी की डिग्री प्राप्त की और राजस्थान यूनिवर्सिटी से एमजेएमसी में डिग्री हासिल की है। राजस्थान से संबंधित समाचारों और ख़बरों पर विशेष पकड़ रखते हैं। साथ ही देश की प्रमुख राजनीतिक घटनाओं को कवर करने में भी विशेषज्ञता हासिल है।

और पढ़ें
End of Article