Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर से अजब-गजब मामला सामने आया है। लॉर्डगंज थाना परिसर में एक हथकड़ी लगी हुई कार सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल शराब पीकर गाड़ी चलाने के एक मामले में पुलिस ने चार पहिया वाहन को ही हथकड़ी पहनाकर थाने में खड़ा कर दिया। इस मामले में अब पुलिस का आधिकारिक बयान भी सामने आ गया है। जिसमें बताया कि यह गलती ड्यूटी पर तैनात मुंशी के द्वारा हुई। जिससे स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
जबलपुर के लॉर्डगंज थाने के सीसीटीवी कैमरे के सामने एक सफेद आर्टिगा कार खड़ी नजर आ रही है, जिसके दरवाजे में हथकड़ी लगी हुई है। आमतौर पर पुलिस अपराध करने वाले आरोपियों को हथकड़ी पहनाती है। लेकिन यहां कार में हथकड़ी लगी हुई देखकर हर कोई हैरान रह गया। इस दृश्य को देख पहली नजर में ऐसा लगा मानो पुलिस ने किसी बड़े अपराधी को गिरफ्तार कर थाने में खड़ा कर दिया हो, लेकिन असल मामला ही कुछ और था।
कार में चेन की जगह लगाई हथकड़ी
कोतवाली सीएसपी रीतेश शिव ने बताया कि पुलिस ने अर्टिगा कार चालक प्रथम कुमार के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने कार को जब्त कर लॉर्डगंज थाने लाकर खड़ा किया था। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात मुंशी ने गलती से कार में चेन डालने की जगह हथकड़ी लगा दी। इस लापरवाही को लेकर संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है।
सोशल मीडियो पर लोगों ने क्या कहा?
यह मामला भले लापरवाही का हो, लेकिन कार को हथकड़ी लगाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना ने एक बार फिर मध्य प्रदेश की “अजब-गजब” छवि को लोगों के सामने ला दिया है। सोशल वीडियो पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ लोग इसे मजाकिया अंदाज में लेते हुए कह रहे हैं अब गाड़ियां भी अपराध करने लगी हैं, जबकि कुछ लोग इसे जबलपुर पुलिस का सख्त और अनोखा संदेश बता रहे हैं। कई लोगों ने इसे कानून के प्रति सख्ती का प्रतीक माना, तो कई लोग इस बात पर हैरान दिखे कि आखिर एक वाहन को हथकड़ी क्यों पहनाई गई। हालांकि, अब पुलिस की ओर से इस पूरे मामले पर स्थिति साफ कर दी गई है।
