International Yoga Day: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंजाब के फगवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शामिल हुए हैं। इस दौरान उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। इस मौके पर उन्होंने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि इस अभिशाप को जड़ से खत्म करना जरूरी है।
भाजपा अध्यक्ष ने LPU में किया योग
पंजाब में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) ने यह योग कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें शामिल हुए नितिन नबीन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें पंजाब आकर खुशी महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सही मायनों में मनाना है तो युवाओं को योग को अपने रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनाना होगा और ड्रग्स की समस्या को खत्म करें।
योग और नशामुक्ति का दिया संदेश
नितिन नबीन ने कहा कि पंजाब की पहचान कड़ी मेहनत, बलिदान और संघर्ष की संस्कृति से बनी है। ऐसे में युवाओं को राज्य की इस गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के लिए स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की जरूरत है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नशा पंजाब के लिए बड़ी चुनौती है और इसे समाज के सहयोग से खत्म करना होगा। कार्यक्रम के दौरान नितिन नबीन ने खुद भी योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग भारत के ऋषि-मुनियों द्वारा दुनिया को दिया गया एक अनमोल तोहफा है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और जीवन संतुलित करने में भी मदद करता है।
गौरतलब है कि नितिन नबीन तीन दिवसीय पंजाब दौरे पर हैं। भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद वे पहली बार पंजाब दौरे पर आए हैं। शनिवार को उन्होंने अमृतसर में स्वर्ण मंदिर में मात्था टेका। इस दौरान उन्होंने महाराजा रणजीत सिंह को याद किया और पंजाब को उनके सपनों के अनुरूप विकसित करने का संकल्प भी दोहराया। इसके अलावा उन्होंने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की और प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति और 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर भी चर्चा की। भाजपा पंजाब में आगामी चुनावों में 'डबल इंजन सरकार' बनाने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है।
