पोरबंदर : गुजरात के पोरबंदर जिले के धरमपुर गांव के पास स्थित नेश क्षेत्र में भारतीय नौसेना का एक अनआर्म्ड (निहत्था) अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नौसेना का यह UAV नियमित उड़ान पर था। इसी दौरान तकनीकी खराबी या किसी अन्य अज्ञात कारण से यह धरमपुर गांव के पास नेश क्षेत्र में अचानक क्रैश हो गया। ड्रोन के गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। भारतीय नौसेना के अधिकारी, स्थानीय पुलिस और फायर विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है और आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह UAV किन कारणों से दुर्घटनाग्रस्त हुआ। क्या इसके पीछे तकनीकी खराबी, मौसम या कोई अन्य कारण जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, भारतीय नौसेना ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और नौसेना के तकनीकी विशेषज्ञ दुर्घटनास्थल पर मलबे का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।
पोरबंदर के जिलाधिकारी एस.डी. धनानी ने बताया कि यूएवी सौराष्ट्र क्षेत्र के तटीय शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर धरमपुर गांव के एक खुले मैदान में उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। धनानी ने संवाददाताओं को बताया कि भारतीय नौसेना का एक यूएवी धर्मपुर गांव के पास उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। नौसेना के जवान मौके पर पहुंच गए हैं और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि पास के खेत में गिरने से पहले यूएवी ने पोरबंदर के नौसेना हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी।
