Satara Soldier News: महाराष्ट्र के सातारा जिले से एक बेहद भावुक और दर्दनाक घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, भारतीय सेना में कार्यरत जवान प्रमोद परशुराम जाधव का एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। दुखद बात यह रही कि यह हादसा उनकी नवजात बेटी के जन्म के कुछ ही घंटों पहले हुआ, जिससे वह अपनी बेटी को कभी देख नहीं सके और दुनिया को अलविदा कह दिया।
प्रमोद जाधव सातारा तालुका के अरेदरे गांव के निवासी थे और भारतीय सेना में सिकंदराबाद–श्रीनगर सेक्टर में तैनात थे। वे लगभग आठ दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे ताकि अपनी पत्नी की डिलीवरी के समय उनके साथ रह सकें। हाल ही में मां के निधन की वजह से भी परिवार को उनकी जरूरत थी। बताया जा रहा है कि प्रमोद जाधव की शादी को अभी सिर्फ एक साल ही हुआ था। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
कब हुआ हादसा?
यह हादसा उस समय हुआ जब प्रमोद जाधव किसी निजी काम से मोटरसाइकिल पर वाधे फाटा की ओर जा रहे थे। पुरुष भिक्षेकरी गृह के पास एक टेम्पो ने तेज रफ्तार में उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रमोद जाधव की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक खबर से गांव ही नहीं, बल्कि पूरी परली घाटी शोक में डूब गई।
अंतिम दर्शन का पल
रविवार सुबह प्रमोद जाधव का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया गया। लगभग उसी समय उनकी पत्नी ने एक नन्ही सी परी को जन्म दिया। एक ओर परिवार को अपने बेटे को, पत्नी को अपने पति को और देश को एक वीर सपूत को खोने का गहरा दुख था, तो दूसरी तरफ नवजात के आगमन की बेहद नाज़ुक खुशी भी थी। ऐसे में गांव का माहौल भावनाओं से भरा हुआ था। बाद में अंतिम संस्कार से पहले प्रमोद जाधव की पत्नी को स्ट्रेचर पर और कुछ घंटे पहले जन्मी बेटी को अंतिम दर्शन के लिए लाया गया।
राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
यह दृश्य इतना भावुक था कि वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। प्रमोद जाधव का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक, ग्रामीण और परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस हृदयविदारक क्षण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
