शहर

मानसून ने बढ़ाई रफ्तार, बिहार से पूर्वोत्तर तक बदला मौसम का मिजाज; इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

देश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और मौसम विभाग ने सोमवार को 17 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान बिहार, यूपी, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं।

Image

मौसम विभाग ने जारी की भारी बारिश की चेतावनी

Today Weather Update: केरल में मानसून ने भले ही देरी से दस्तक दी हो। लेकिन अब मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। जिसके चलते देशभर में मौसम में बदलाव नजर आने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज देश के 17 राज्यों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, केरल, महाराष्ट्र, नागालैंड और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल शामिल हैं, जहां हल्की से भारी बारिश तक की संभावना जताई गई है। इस दौरान 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी भी चल सकती हैं।

तेजी से आगे बढ़ेगा मौसम!

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर जिलों के कई हिस्सों में अपनी पकड़ मजबूत बना ली है। मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर, असम और अरुणाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। आने वाले दिनों में मानसून का दायरा और बढ़ने की संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा जैसे राज्यों में अगले 3-4 दिनों में बारिश तेज होने की संभावना है। वहीं कर्नाटक के कुछ हिस्सों में 8 से 10 जून के बीच अत्यधिक भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।

अगले 7 दिन कई राज्यों के लिए अहम

मौसम विभाग ने देश के पूर्वोत्तर राज्यों में आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। यहां 13 जून तक लगातार बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। इन राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं। इसके साथ ही दक्षिण भारत के राज्यों में केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। जिसे देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बेवजह यात्रा करने से बचने की अपील की है। बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से भी राहत मिलने की संभावना है।

कहां तक पहुंचा मानसून

दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार केरल में अपने तय समय 1 जून से तीन दिन की देरी से 4 जून को पहुंचा। इसके बाद इसने तेजी से 12 राज्यों को चार दिन में ही कवर कर लिया। रविवार को मानसून ने त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में दस्तक दी। इससे पहले शनिवार को इसने महाराष्ट्र, मिजोरम, आंध्र प्रदेश और मणिपुर में प्रवेश किया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में और आगे बढ़ेगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article