शहर

अमेरिका में हैदराबाद के युवक की हत्या, पिज्जा डिलीवरी के लिए बुलाकर गोलियों से भूना

अमेरिका के फिलाडेल्फिया में हैदराबाद के 28 वर्षीय छात्र की पिज्जा डिलीवरी के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि उसे सुनसान इलाके में बुलाकर हत्या का जाल बिछाया गया था। परिवार ने पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है।

Image

अमेरिका में भारतीय छात्र की हत्या

Photo : Times Now Digital

अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर में हैदराबाद के 28 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार वह 5 जून को पिज्जा डिलीवरी करने के लिए गया था, तभी आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया। युवक की पहचान अंशुल कुंचा के रूप में हुई है। इस घटना के बाद उसका परिवार सदमे में है और भारत सरकार से पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने की मांग कर रहा है।

चार साल पहले अमेरिका गया था अंशुल

परिजनों के अनुसार अंशुल फिलाडेल्फिया में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी (MNC) में नौकरी करता था। करीब चार साल पहले वह पढ़ाई के लिए अमेरिका गया था। अंशुल अतिरिक्त आय के लिए वीकेंड में पिज्जा डिलीवरी की पार्ट-टाइम जॉब भी करता था। उसकी बहन तन्वी ने बताया कि अंशुल को एक सुनसान इलाके में पिज्जा डिलीवरी के लिए बुलाया गया था। बाद में पता चला कि यह आरोपियों का एक जाल था।

सर में मारी तीन गोलियां

तन्वी के अनुसार आरोपियों ने अंशुल को सिर में तीन गोलियां मारी। जिसके बाद हमलावर उसे सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गए। अंशुल से कोई लूटपाट नहीं की गई, जिससे परिवार को लगता है कि यह एक सुनियोजित हमला था। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, वारदात में दो नकाबपोश हमलावर शामिल हो सकते हैं।

अंशुल के साथ पहले भी हो चुकी लूटपाट

घटना पर न्यूयॉर्क स्थित भारत के वाणिज्य दूतावास ने भी दुख जताया है। वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि अंशुल कुंचा के निधन से उन्हें बेहद दुख है और उनके परिवार को हरसंभव मदद दी जा रही है। परिवार ने विदेश मंत्रालय (MEA) से अंशुल का पार्थिव शरीर जल्द भारत लाने की अपील की है। परिवार ने न्याय की मांग करते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि अंशुल पहले भी अमेरिका में लूटपाट का शिकार हो चुका था। उसकी बहन के अनुसार अंशुल एक खुशमिजाज और मददगार इंसान था। वह अमेरिका नहीं जाना चाहता था, लेकिन परिवार के कहने पर ही वह देश से बाहर गया था।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article