शहर

Shimla Landslide: हिमाचल प्रदेश में आफत की बारिश, शिमला में लैंडस्लाइड के कारण सर्कुलर रोड बंद, स्कूल में दो दिन की छुट्टी

Shimla Landslide: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भारी बारिश के कारण एडवर्ड स्कूल के पास भूस्खलन हुआ, जिसके कारण शहर की सबसे महत्वपूर्ण सड़क सर्कुलर रोड को बंद कर दिया गया है। एहतियातन तौर पर स्कूल को भी दो दिन के लिए बंद किया गया है।

Image

शिमला में लैंडस्लाइड (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

Shimla Landslide: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में बादल फटने के बाद शिमला में भूस्खलन की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, भूस्खलन की यह घटना शिमला में एडवर्ड स्कूल के पास हुई, जिसके कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। बता दें की पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने के कारण शहर के सर्कुलर रोड को बंद करना पड़ा। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है। स्कूल के पास भूस्खलन के कारण एहतियातन तौर पर स्कूल को बंद करने के निर्णय लिया गया है।

मार्ग को खोलने के लिए प्रशासन की तरफ से सड़क पर आए मलबे को हटाने का कार्य किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। भारी बारिश के कारण यहां अचानक पहाड़ दरकने लगे। आसपास स्थित बहुमंजिला भवन भी खतरे में है।

स्कूल में दो दिन की छुट्टी

एडवर्ड स्कूल के पास भूस्खलन के कारण भवन पर खतरा मंडरा रहा है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिमला के उपायुक्त के आदेशानुसार 19 और 20 सितंबर के लिए स्कूल को बंद करने का फैसला लिया गया है। स्कूल के छात्रों के साथ स्कूल में काम करने वाले शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों की भी छुट्टी दे दी गई है। रास्ते को खोलने के लिए सड़क से मलबा हटाने का कार्य किया जा रहा है।

सर्कुलर रोड बंद होने से यात्रियों को हो रही परेशानी

सर्कुलर रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद होन के कारण इस रास्ते का प्रयोग अपने ऑफिस जाने के लिए करने वाले लोग पैदल अपने ऑफिस जा रहे हैं। इस दौरान लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

किन्नौर में बादल फटने से हर तरफ तबाही

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में देर रात करीब 12.10 बजे बादल फटने से बाढ़ आ गई। पूरे इलाके में हर तरफ तबाही का मंजर देखने को मिल रहा है। यहां बाढ़ का पानी लोगों के घरों तक आ गया है। तेज बहाव में गाड़ियां बह रही हैं तो वहीं कई लोगों के घरों का हिस्सा बह गया है। खेत और बगीचे पूरी तरह से बर्बाद हो गए हैं। लौटता हुआ मौसम हिमाचल प्रदेश में जमकर तबाही मचा रहा है। भूस्खलन और बादल फटने से लोगों में दहशत बनी हुई है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article