शहर

हिमाचल में बड़ा लैंडस्लाइड, हादसे से बाल-बाल बची HRTC बस; हाईवे पर गिरा मलबा

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर-सोलन सीमा पर भराड़ीघाट-नलाग के बीच बीती रात अचानक भारी लैंडस्लाइड हुआ। इस दौरान हाईवे से गुजर रही HRTC बस हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई।

Image

भराड़ीघाट-नलाग के बीच अचानक लैंडस्लाइड, HRTC बस हादसे से बची

Photo : Times Now Digital

Himachal Pradesh Landslide: हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश के बीच लैंडस्लाइड की घटनाएं लगातार देखने को मिल रही हैं। बीती रात भी बिलासपुर और सोलन जिले की सीमा पर एक बड़े भूस्खलन की घटना सामने आई है। जहां भराड़ीघाट-नलाग के बीच देर रात अचानक भारी लैंडस्लाइड हो गया। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और भारी मात्रा में मलबा गिरकर हाईवे पर आ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। गनीमत रही कि बस ड्राइवर ने समय रहते स्थिति को भांपते हुए बस रोक दी। इससे बस में सवार यात्रियों की जान बच गई।

अचानक सड़क पर आ गिरा मलबा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लैंडस्लाइड अचानक हुआ और पहाड़ी से तेज आवाज के साथ बड़े-बड़े पत्थर व मलबा सड़क पर गिरने लगा। उस समय रास्ते से वाहन गुजर रहे थे, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। HRTC बस भी इसी दौरान लैंडस्लाइड वाले हिस्से के पास पहुंची थी। लेकिन ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को समय रहते रोक लिया। इससे बस सीधे मलबे की चपेट में आने से बच गई। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

हाईवे पर लगी वाहनों की लंबी कतार

लैंडस्लाइड के बाद हाईवे पर बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर जमा होने से रास्ता बंद हो गया। इसके चलते वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई। बताया जा रहा है कि लैंडस्लाइड के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जिसके कारण यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय स्तर पर मलबे को हटाकर रास्ता खोलने और यातायात व्यवस्था सामान्य करने की कोशिशें की जा रही हैं।

फोरलेन निर्माण के कारण संवेदनशील है पहाड़ी

जानकारी के अनुसार, भराड़ीघाट क्षेत्र में फोरलेन निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के कारण इस इलाके की पहाड़ियां पहले से संवेदनशील मानी जा रही हैं। यहां पहले भी कई बार लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। वहीं, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ियों से मलबा और पत्थर गिरने का खतरा और बढ़ गया है। ऐसे में इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। HRTC बस के समय रहते रुक जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article