शहर

हरियाणा के मंत्री कृष्ण लाल पंवार का पानीपन में हुआ एक्सीडेंट, वाहन के उड़े परखच्चे; कराया गया सीटी स्कैन

Haryana Minister Accident: हरियाणा के मंत्री कृष्ण लाल पंवार शुक्रवार को पानीपत में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टोल प्लाजा के पास सड़क दुर्घटना में घायल हो गए।

Image

हरियाणा के मंत्री कृष्ण लाल पंवार का हुआ एक्सीडेंट

Photo : ANI

Haryana Minister Accident: हरियाणा के मंत्री कृष्ण लाल पंवार शुक्रवार को पानीपत में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टोल प्लाजा के पास सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि विकास एवं पंचायत मंत्री पंवार दुर्घटना के समय एसयूवी में यात्रा कर रहे थे।

क्या है पूरा मामला?

जहां दुर्घटना हुई उस क्षेत्र के थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि किसी ने अचानक सड़क पर अपनी कार रोक दी, जिसके कारण मंत्री के काफिले के वाहनों को भी अचानक रुकना पड़ा। पुलिस ने बताया कि एसयूवी के आगे चल रहे काफिले के वाहन से टकराने के बाद एयरबैग खुल गए।

मंत्री की कलाई में आई सूजन

पुलिस के अनुसार मंत्री को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन कलाई में सूजन और घुटने में दर्द होने के कारण उन्हें पानीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया। पानीपत के पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने ’पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया कि मंत्री ठीक हैं।

सिर और रीढ़ का किया गया CT स्कैन

पानीपत के मुख्य चिकित्सा अधिकारी विजय मलिक ने समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया कि सिर और रीढ़ का सीटी स्कैन सहित कई परीक्षण किए गए और रिपोर्ट सामान्य थीं।

अब कैसी है मंत्री की हालत

मंत्री कृष्ण लाल पंवार को गंभीर चोट तो नहीं आई है, लेकिन उनकी कलाई में सूजन बताई जा रही है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडोली के मुताबिक, मंत्री कृष्ण लाल पंवार अभी कुछ दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे।

हरियाणा भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने बताया कि हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार का काफिला अंबाला चुनाव प्रचार से लौटकर सोनीपत जा रहा था। इसी दौरान पानीपत के पास सामने से आ रहे एक वाहन ने उनके काफिले को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा, ''वाहन सीधे मंत्री के काफिले से जा भिड़ा। इस हादसे में कृष्ण लाल पंवार को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें कुछ दिनों तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है और वे मेडिकल सुपरविजन में हैं।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article