शहर

Haryana Weather: हरियाणा में सुबह-सुबह तेज बारिश के साथ गिरे ओले, 17 जिलों में अलर्ट जारी

हरियाणा का मौसम (हरियाणा में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01 Feb 2026: हरियाणा में आज सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कई जिलों में तड़के ही बारिश देखने को मिली। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हुई। आइए जानते हैं कि आज हरियाणा में कहां-कहां बारिश होगी।

Image

हरियाणा में आज का मौसम (AI Image)

हरियाणा में आज का मौसम (01 Feb 2026): हरियाणा में एक बार फिर मौसम ने यू-टर्न ले लिया है। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य का मौसम बदल गया है। हरियाणा में आज सुबह कई जिलों में तेज बारिश हुई। साथ ही कहीं-कहीं ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने हरियाणा के 17 जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कहीं-कहीं ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। जिससे लोगों को कंपकंपी महसूस हो सकती है और दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

हरियाणा में आज बारिश और ओले का अलर्ट

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार सुबह जीटी रोड बेल्ट के कई जिलों में बारिश हुई और तेज हवाएं भी चलीं। वहीं करनाल के घरौड़ा एरिया में देर रात को ओले भी गिरे। आज सुबह सोनीपत, पानीपत, फरीदाबाद, पलवल समेत कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सिरसा समेत कुछ जगहों पर सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार आज हरियाणा के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। इस दौरान कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कैथल, झज्जर, रोहतक, जींद, सोनीपत और फतेहाबाद में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

हरियाणा में अगले दो दिन जारी रहेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 2 और 3 फरवरी को भी उत्तरी और दक्षिणी जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में आए बदलाव के कारण रात के तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। जिससे न्यूनतम तापमान 8-11 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है। वहीं बारिश के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलने से ठिठुरन बढ़ सकती है। मौसम साफ होने के बाद फिर से रात का पारा 2-3 डिग्री नीचे लुढ़क सकता है। आईएमडी के अनुसार 4 फरवरी से हरियाणा का मौसम फिर से शुष्क होने की संभावना है। साथ ही शीतलहर की स्थिति भी कहीं-कहीं देखने को मिल सकती है।

करनाल-फरीदाबाद में दिन के तापमान मे गिरावट

हरियाणा में शनिवार को अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। राज्य में सबसे गर्म स्थान चरखी दादरी रहा, यहां का अधिकतम पारा 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं करनाल में दिन का तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फरीदाबाद में भी अधिकतम तापमान में 5.4 डिग्री की भारी गिरावट देखने को मिली।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article