शहर

सवा करोड़ के बादाम और लौंग के साथ कहां गायब हो गया ट्रक, जानें ड्राइवर का क्या हुआ

गणतंत्र दिवस नजदीक है और ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं। इस बीच दिल्ली से सटे गुरुग्राम से एक ट्रक अचानक गायब हो गया है। ट्रक का जीपीएस और ड्राइवर का मोबाइल नंबर भी बंद है। ट्रक में एक करोड़ रुपये से ज्यादा के बादाम और करीब 23 लाख रुपये के लौंग भरे हुए थे।

Image

गुरुग्राम से अचानक गायब हुआ बादाम और लौंग से भरा ट्रक

आपने आज तक छोटी-मोटी चीजों को गायब होते सुना और देखा होगा। लेकिन दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक पूरा का पूरा ट्रक ही गायब हो गया। बात सिर्फ इतनी नहीं है, इस ट्रक में 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का ड्राइ फ्रूट भी था। मुंबई के न्हावा शेवा पोर्ट से निकला यह ट्रक गुरुग्राम में बिलासपुर थाना क्षेत्र में अचानक गायब हो गया। अब न तो ट्रक का पता चल रहा है और न ही ट्रक ड्राइवर का। ट्रक ड्राइवर का मोबाइल फोन भी बंद है। बता दें कि यह ट्रक दिल्ली की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का था।

दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ने बिलासपुर पुलिस दाने में चोरी की शिकायत दर्ज करवा दी है। अपनी शिकायत में ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक ने ट्रक ड्राइवर पर गंभीर शक जताया है। उनका मानना है कि ट्रक और कार्गो के अचानक गायब होने के लिए ट्रक का ड्राइवर ही जिम्मेदार है।

कितने माल के साथ गायब हुआ ट्रक

दिल्ली में संजय ट्रांसपोर्ट नगर के निवासी प्रवीण सेठी ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में कहा है कि वह एक प्राइवेट ट्रांसपोर्ट बिजनेस चलाते हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि ट्रक 14 जनवरी को मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह से कुंडली में अपने वेयरहाउस के लिए चला था। इस ट्रक में बादाम के 900 बैग और 65 बैग लौंग (Cloves) के भरे थे। प्रवीण सेठी के अनुसार ट्रक में मौजूद बादाम की कीमत करीब 1 करोड़, 2 लाख, 75 हजार 560 रुपये है। इसके अलावा 65 बैग लौंग भी 23 लाख रुपये मूल्य का है।

ड्राइवर का नाम

जो ट्रक गुरुग्राम से गायब हुआ है, उसे ट्रक ड्राइवर रिजवान चला रहा था। बताया गया है कि रिजवान हरियाणा के नूह जिले में सेवका गांव का मूल निवासी है। प्रवीण सेठी ने बताया कि 17 जनवरी को दोपहर 12 बजे ट्रक के जीपीएस सिग्नल आने अचानक बंद हो गए। ट्रक की अंतिम लोकेशन जो ट्रेस हुई है, वह जयपुर-दिल्ली हाईवे पर बिलासपुर में बसंत ढाबा के पास की है। जीपीएस सिग्नल नहीं मिलने पर जब ट्रक ड्राइवर से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका फोन स्विच ऑफ मिला। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article