गुरुग्राम

गुरुग्राम में तीन साल के बच्चे को लेकर महिला ने 7वीं मंजिल से लगाई छलांग, मौके पर मौत, ससुराल पक्ष पर FIR दर्ज

Gurugram News: गुरुग्राम में एक महिला ने तीन साल के बच्चे को कमर पर बांध कर 7वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौत हो गई है। मृतक के भाई ने उसके ससुराल वालों पर दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Image

गुरुग्राम में तीन साल के बच्चे को लेकर महिला ने 7वीं मंजिल से लगाई छलांग (फोटो - iStock)

Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम के एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक निजी अस्पताल में कार्य करने वाली 28 वर्षीय नर्स ने अपने तीन साल के बेटे को कमर पर बांधकर एक आवासीय सोसाइटी की सातवीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगा दी। इस घटना में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि महिला के भाई की शिकायत के बाद बुधवार को सेक्टर 10ए थाने में मृतका के पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, मृतक और उसके बेटे की पहचान शर्मिला एवं युवान के रूप में हुई है। महिला एक निजी अस्पताल में नर्स का काम करती थी, जबकि उसका पति रोहित गुरुग्राम की जिला अदालत के पास जूस की दुकान करता है। पुलिस ने बताया कि रोहित महेंद्रगढ़ जिले का है जबकि शर्मिला जिले के ही एक अन्य गांव की निवासी थी। दोनों की शादी चार साल पहले हुई थी। वे वजीरपुर गांव के पास सिद्धार्थ एन्क्लेव में एक फ्लैट में रहते थे।

झगड़ों से परेशान होकर दी जान

न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे और शर्मिला के माता-पिता ने कई बार उनसे बात करके मामले को सुलझाने की कोशिश की थी। मंगलवार को शर्मिला के परिवार वाले इस मामले पर बात करने आए थे। पुलिस के मुताबिक, माता-पिता के वापस जाने के बाद, शर्मिला ने अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे अपने तीन साल के बेटे युवान के साथ सातवीं मंजिल से छलांग लगा दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के परिजनों को सूचना दी।

मृतक के भाई ने ससुराल पर लगाया दहेज के लिए परेशान करने का आरोप

मृतक के भाई सुरेंद्र ने बुधवार को आरोप लगाया कि उसका बहनोई और उसके परिवार के सदस्य दहेज के लिए शर्मिला को परेशान करते थे, जिसकी वजह से उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने बताया कि शिकायत के बाद सेक्टर 10 ए थाने में रोहित और उसके परिवार के चार अन्य सदस्यों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक जगदीश कुमार ने कहा, "मामले की जांच की जा रही है। हम कल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप देंगे।"

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article