गुरुग्राम

हरियाणवी मॉडल शीतल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी सफलता, हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार, जांच में सामने आई यह बात

हरियाणवी मॉडल शीतल की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 24 वर्षीय शीतल का शव सोमवार सुबह खरखौदा के पास नहर में मिला, जिसके बाद जांच में हत्या की पुष्टि हुई। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल किया और पुलिस उसे रिमांड पर लेकर आगे की कार्रवाई करेगी।

Image

हरियाणवी मॉडल शीतल मर्डर केस

Photo : Times Now Digital

Haryanvi Model Sheetal Murder Case: हरियाणवी मॉडल शीतल की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 24 वर्षीय शीतल की चाकू से हत्या करने के आरोप में सीआईए वन पुलिस टीम ने सोमवार शाम को इसराना निवासी सुनील को हिरासत में लिया। शीतल के परिवार ने 15 जून को थाना मतलौडा में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

सोमवार सुबह सोनीपत के खरखौदा के पास नहर में शीतल का शव बरामद हुआ। सीआईए वन प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर संदीप के अनुसार, 15 जून को पानीपत के सतकरतार कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी बहन शीतल, जो हरियाणवी एल्बमों में मॉडलिंग करती थी, 14 मई को शूटिंग के लिए अहर गांव गई थी और वापस नहीं लौटी। परिवार ने उसकी खुद तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसके बाद इस गंभीर अपराध का खुलासा हुआ।

सोनीपत पुलिस को सोमवार सुबह खरखौदा क्षेत्र के पास नहर में एक महिला का शव मिला, जिसकी पहचान 24 वर्षीय शीतल के रूप में हुई। शव का पोस्टमार्टम पीजीआई खानपुर में कराया गया और उसे परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और देर शाम आरोपी सुनील, जो इसराना का निवासी है, को पार्क अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने हरियाणवी मॉडल शीतल की चाकू से हत्या की। पुलिस से बचने के लिए उसने गाड़ी नहर में गिराने का नाटक भी किया। प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप ने जानकारी दी कि मंगलवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस उससे गहन पूछताछ करेगी और वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी का प्रयास करेगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article