गुरुग्राम

Gurugram: सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर अंधाधुंध फायरिंग; बाल-बाल बचाई जान, पुलिस की जांच जारी

हरियाणवी और बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर गुरुग्राम में अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। साउदर्न पेरीफेरल रोड (SPR) पर उनकी कार पर कई राउंड फायरिंग हुई, हालांकि वह बाल-बाल बच निकले। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश जारी है।

Image

राहुल फाजिलपुरिया (फोटो-राहुल फाजिलपुरिया ट्विटर अकाउंट)

Photo : Twitter

Rahul Fazilpuria Attack: गुरुग्राम में मशहूर हरियाणवी और बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर अज्ञात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। यह जानलेवा हमला गुरुग्राम के बादशाहपुर इलाके के साउदर्न पेरीफेरल रोड (SPR) पर हुआ, जहां राहुल फाजिलपुरिया अपनी कार से गुजर रहे थे। हालांकि इस हमले में वह बाल-बाल बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल फाजिलपुरिया अपने गांव फाजिलपुरिया के पास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से टाटा पंच कार में सवार बदमाशों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले का एहसास होते ही राहुल ने अपनी कार की रफ्तार तेज कर दी और मौके से किसी तरह निकलने में सफल रहे।

मामले की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और आस-पास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि कुछ दिनों पहले एसटीएफ को इनपुट मिला था कि अपराधी किसी प्रसिद्ध सिंगर को निशाना बना सकते हैं। गौरतलब है कि राहुल फाजिलपुरिया, जिनका असली नाम राहुल यादव है, गुरुग्राम के फाजिलपुरिया गांव के निवासी हैं।

मशहूर हरियाणवी सिंगर

फाजिलपुरिया को हरियाणवी रैप और सिंगिंग के लिए जाने जाते हैं और बॉलीवुड में भी कई गाने गा चुके हैं। राहुल का नाम 2023 में यूट्यूबर एल्विश यादव के साथ सामने आया था, जब एल्विश पर सांप के जहर और शूटिंग से जुड़े मामलों में आरोप लगे थे। इस मामले में राहुल पर भी ईडी की कार्रवाई हुई थी और उनकी संपत्ति अटैच की गई थी। इसके अलावा, राहुल 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी चर्चा में रहे थे, जब उन्हें अजय सिंह चौटाला की पार्टी जेजेपी से गुरुग्राम सीट से टिकट दिया गया था।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!