Haryana Covid New Guidelines & Rules in Hindi: कोरोना का खतरा बढ़ने के साथ राज्य और जिला स्तर पर इससे बचने की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। गुरुग्राम प्रशासन भी अपनी तैयारियों को पुख्ता कर रहा है। लोगों को सुरक्षित रखने के लिए राज्य सरकार ने वैक्सीनेशन को लेकर खास प्लान तैयार किया है। जिसके तहत गुरुग्राम में अब स्वास्थ्य कर्मी हर घर दस्तक अभियान के तहत घर-घर पहुंचेंगे। गुरुग्राम स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में करीब 80 फीसदी लोगों ने बूस्टर डोज नहीं लगवाया है। जिसकी वजह से यहां पर कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा ज्यादा है। हर घर दस्तक अभियान के तहत ऐसे लोगों को उनके घर पर ही बूस्टर डोज मिल सकेगी। इसका सबसे अधिक फायदा ऐसे लोगों को होगा जो किसी कारण वश स्वास्थ्य केंद्रों तक नहीं जा सकते हैं।
गुरुग्राम जिले में रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना पॉजटिव एक नए मरीज की पहचान की। जिसके साथ जिले में कोरोना से संक्रमित सक्रिय मरीजों की संख्या 15 हो गई। वहीं रविवार को एक मरीज संक्रमण को मात देकर ठीक भी हो गया। गुरुग्राम के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि, यहां पर बीते लगभग तीन महीने से किसी भी कोरोना संक्रमित मरीज की मौत नहीं हुई है। हालांकि दूसरे देशों में बढ़ते कोरोना के कारण यहां भी कोरोना का खतरा बढ़ गया है, क्योंकि गुरुग्राम एक साइबर सिटी है। यहां पर प्रतिदिन सैकड़ों लोग दूसरे देशों से आते हैं। जिसकी वजह से कोरोना संक्रमण फैलने का डर बना रहता है।
हरियाणा के 75 फीसदी सक्रिय मरीज गुरुग्राम जिले में
गुरुग्राम जिला अभी भी हरियाणा के सबसे ज्यादा कोरोना सक्रिय मरीजों वाला जिला है। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रदेश में इस समय कोरोना सक्रिय 20 मरीज हैं। इसमें से 15 सक्रिय मरीज सिर्फ गुरुग्राम में हैं। इस हिसाब से अकेले गुरुग्राम में ही कोरोना के 75 फीसदी सक्रिय मरीज मौजूद हैं। हालांकि सबसे बड़ी राहत इस बात की है कि गुरुग्राम में मरीजों के ठीक होने की दर 99.65 प्रतिशत है। जो पूरे हरियाणा प्रदेश में सबसे ज्यादा है। गुरुग्राम जिले में अभी तक कोरोना वैक्सीन 5719914 डोज लगाई जा चुकी हैं। वैक्सीनेशन के मामले में भी यह जिला अव्वल है। जिले में संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए अब कोरोना जांच का दायरा भी बढ़ाया जा रहा है। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जांच शिविर लगाए जाएंगे।
