गुरुग्राम

Sonipat Accident: रोड रोलर से भिड़ी तेज रफ्तार कार, कांग्रेस नेता के बेटे समेत 4 की दर्दनाक मौत

हरियाणा के सोनीपत में तेज रफ्तार कार की रोड रोलर से जोरदार टक्कर हो गई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में कांग्रेस नेता के बेटे समेत 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे के सही कारणों को पता करने के लिए जांच की जा रही है।

Image

सोनीपत में भीषण सड़क हादसा

Sonipat Accident: जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार मध्यरात्रि भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार युवकों की मौत हो गई। हादसा सोनीपत के गोहाना क्षेत्र में रूखी टोल टैक्स के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार सड़क निर्माण कार्य में लगे रोड रोलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीनों ने भी दम तोड़ दिया। हादसे की खबर से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।

निर्माण कार्य के चलते खड़ा था रोड रोलर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय विजिबिलिटी कम थी और हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण रोड रोलर सड़क पर खड़ा था। तेज रफ्तार में आ रही कार सीधी जाकर रोड रोलर से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार से एक शव और तीन घायलों को निकाला। घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई।

तेज रफ्तार से चल रही थी कार

पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और संभवत: चालक को आगे खड़े रोड रोलर का अंदाजा नहीं लग पाया। चारों मृतक युवक हरियाणा के रोहतक जिले के गांव घिलौड़ के रहने वाले थे। हादसे में जान गंवाने वालों में अंकित, लोकेश, दीपांकर और सोमबीर शामिल हैं। इनमें से एक, सोमबीर, रोहतक ग्रामीण कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बलवान रंगा का बेटा था।

गंभीरता से जांच की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर रात के समय उचित संकेत और बैरिकेडिंग नहीं थी, जिससे इस तरह का हादसा हुआ। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारी ने कहा है कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article