गुरुग्राम

Gurugram News: गुरुग्राम में अंगीठी के धुएं ने ले ली युवक की जान, युवती की हालत गंभीर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 3, 2023, 10:25 PM IST

Gurugram News: गुरुग्राम में अंगीठी से निकलने वाले जहरीले धुंए ने फिर से एक व्‍यक्ति की जान ले ली। वहीं एक युवती की स्थिति गंभीर बनी हुई है। दोनों एक कोठी में घरेलू सहायक थे। कमरे में अंगीठी जलाकर दोनों सो रहे थे। इस दौरान दम घुटने से युवक की मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Image

अंगीठी ने ले ली एक की जान (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • युवक और युवती एक कोठी में थे घरेलू सहायक
  • दोनों अंगीठी जलाकर बंद कमरे में एक साथ सो रहे थे
  • करीब 15 दिन पहले भी अंगीठी ने ली थी दो की जान

Gurugram News: गुरुग्राम में अंगीठी से मौत का बड़ा मामला सामने आया है। शहर के डीएलएफ फेज सी ब्लाक स्थित एक कोठी के सर्वेंट रूम में घर का घरेलू सहायक मृत पाया गया, वहीं मृतक के बगल में ही कोठी की घरेलू सहायिका भी बेहोश मिली। पुलिस की शुरुआती जांच में कमरे के अंदर एक अंगीठी मिली। जिसके कारण माना जा रहा है कि, अंगीठी से निकलने वाली जहरीली गैस ने ही युवक की जान ली। इस घटना की जानकारी मकान मालिक द्वारा दोपहर दो बजे पुलिस को दी गई। जिसके बाद डीएलएफ फेज तीन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बेहोश महिला को पास के एक निजी अस्‍पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, दोनों की उम्र करीब 30 से 32 साल है। महिला की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। डीएलएफ थाना पुलिस ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि, गमले को अंगीठी बनाकर बंद कमरे से रखा गया था। इस कमरे में हवा के आने-जाने के लिए कहीं से भी व्यवस्था नहीं की गई थी। जिसकी वजह से धुएं के साथ निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड के कारण युवक की जहां मौत हो गई, वहीं महिला बेहोश मिली। हालांकि पुलिस इस मामले की दूसरे एंगल से भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार महिला के होश में आने या मृतक की पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही घटना के असल कारणों का पता चल सकेगा।

कुछ दिन पहले ही नौकरी पर रखी गई थी महिला

बताया जा रहा है कि, मृतक युवक इस कोठी में कई साल से घरेलू सहायक का कार्य कर रहा था, वहीं महिला आठ दिन पहले नौकरी पर रखी गई थी। मकान में दोनों के रहने के लिए अलग-अलग कमरे बने थे। पुलिस को अंदेशा है कि, दोनों के बीच प्रेस प्रसंग रहा होगा, जिसकी वजह से दोनों एक ही कमरे में सो रहे थे। बता दें कि, गुरुग्राम में अंगीठी के धुएं से होने वाली यह दूसरी घटना है। इससे पहले बीते 19 दिसंबर को डीएलएफ फेज-3 के एक क्‍लब में अंगीठी रख पार्टी मानने के दौरान क्‍लब मालिक के भाई और एक युवती की दम घुटने से मौत हो गई थी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें