गुरुग्राम

Gurugram Bus Fire: चलती बस जलकर हुई स्वाहा; ड्राइवर-कंडक्टर ने कूदकर बचाई जान, टला हादसा

हाल के दिनों में बसों में आग लगने घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और अब एक ऐसा ही मामला गुरुग्राम के सेक्टर-59 स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर हुआ। जहां एक प्राइवेट बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बस कंपनी स्टाफ को ड्रॉप करने निकली थी, लेकिन उसमें केवल ड्राइवर और कंडक्टर मौजूद थे, जिन्होंने कूदकर जान बचाई। घटना कैपिटल कैफे के सामने हुई और फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

Image

आग लगने के बाद बस की हालत

Photo : Times Now Digital

Gurugram Bus Fire News: हाल के दिनों में बसों में आग लगने की खबरों में इजाफा हुआ है। बीते दिनों जैसलमेर की घटना हो या करूर की घटना हो, दोनों की दुखद हादसों में कई लोगों की जान चली गई। ट्रैवेल एजेंसियों की मनमानी से लेकर खराब रखरखाव की स्थिति सवालों के घेरे में रही। सरकारी विभागों पर भी जांच में लापरवाही के आरोप लगाए गए। इस बीच प्रशासन के सख्ती बरतने की खबरें भी आईं। अब गुरुग्राम से भी एक ऐसी ही चिंताजनक खबर आई है। यहां के सेक्टर-59 स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर हड़कंप मच गया जब एक चलती प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई। यह बस कंपनी के स्टाफ को ड्रॉप करने के लिए पार्किंग से निकली ही थी कि कुछ ही दूरी पर उसमें धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।

बस में नहीं थी सवारी

संयोग से बस में कोई सवारी नहीं बैठी थी। उस समय बस में केवल ड्राइवर और कंडक्टर मौजूद थे। दोनों ने सूझबूझ दिखाते हुए धुआं उठते ही तुरंत बस से कूदकर अपनी जान बचाई। अगर बस में कंपनी स्टाफ मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जलकर तबाह हो गई है। अंदर से बस का फरमा छोड़कर और कुछ नहीं बचा है।

चलते-चलते लग गई आग

यह घटना कैपिटल कैफे के सामने हुई, जहां चलती बस अचानक आग की चपेट में आ गई। आग लगते ही ड्राइवर ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए कोशिशें शुरू कीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझा लिया। राहत की बात यह रही कि इस आगजनी की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फायर विभाग ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article