गुरुग्राम

Gurugram: राजीव चौक से पंचगांव तक 35 किमी मेट्रो परियोजना को मिली मंजूरी, बनेगी नई लाइफ लाइन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 25, 2023, 05:05 PM IST

Gurugram: गुरुग्राम के राजीव चौक से पंचगांव तक 35 किमी मेट्रो कॉरिडोर को मंजूरी मिल गई है। एमआरटीएस के इस कॉरिडोर पर कुल 20 स्टेशन बनाए जाएंगे। यह मेट्रो राजीव चौक से शुरू होकर सदर्न पेरिफेरियल रोड के साथ चलते हुए ग्लोबल सिटी, मानेसर और पचगांव चौक तक जाएगी। इसके अलावा गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी को डबल डेकर बनाने का विचार भी है।

Image

गुरुग्राम मेट्रो

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • चंडीगढ़ में आयोजित एचएमआरटीसी की बैठक में मिली मंजूरी
  • राजीव चौक से शुरू होकर ग्लोबल सिटी, मानेसर होते हुए पचगांव तक जाएगी
  • गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच डबल डेकर मेट्रो कनेक्टिविटी की योजना


Gurugram: गुरुग्राम को एक और मेट्रो कनेक्टिविटी मिलने वाली है। हरियाणा सरकार ने राजीव चौक से पंचगांव तक 35 किमी के मेट्रो कॉरिडोर को मंजूरी दी है। मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एमआरटीएस) के इस कॉरिडोर पर कुल 20 स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके अलावा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मिलकर गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी को डबल डेकर बनाने की परियोजना पर भी विचार किया जा रहा है। इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव और एचएमआरटीसी के अध्‍यक्ष संजीव कौशल ने चंडीगढ़ में निदेशक मंडल के साथ बैठक की। इस बैठक‍ में यह भी फैसला किया गया कि हुडा सिटी सेंटर से साइबर सिटी तक 28.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो कॉरिडोर को अब पीएम गति शक्ति परियोजना (पीआईबी) में शामिल किया जाएगा। इसे अब अंतिम मंजूरी के लिए आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) के पास भेजा गया है।

इस बैठक में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि, गुरुग्राम मेट्रो लगातार प्रगति कर रहा है। गुरुग्राम मेट्रो को वित्‍त वर्ष 2021-22 में जहां 6.78 करोड़ का लाभ हुआ था, वहीं इस वित्त वर्ष के 10 महीनों में ही मेट्रो के लाभ में 405 प्रतिशत का इजाफा हुआ। वित्‍त वर्ष 2022-23 के जनवरी तक मेट्रो को कुल 34.24 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। इसके साथ ही गुरुग्राम मेट्रो में सवारियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। पिछले वर्ष गुरुग्राम मेट्रो में प्रतिदिन 8500 यात्री सफर करते थे। वहीं, इस वित्‍त वर्ष में यात्रियों की यह संख्‍या 42000 प्रतिदिन तक पहुंच गई है। मेट्रो के राजस्‍व और यात्रियों की संख्‍या बढ़ाने के लिए एक समिति के गठन का निर्देश भी दिया गया है।

सदर्न पेरिफेरियल रोड के साथ बनेगी मेट्रो लाइन

मुख्य सचिव संजीव कौशल ने राजीव चौक से पंचगांव तक मेट्रो कनेक्टिविटी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 35 किमी के इस कॉरिडोर पर कुल 20 स्टेशन बनाए जाएंगे। यह मेट्रो राजीव चौक से शुरू होकर सदर्न पेरिफेरियल रोड के साथ चलते हुए ग्लोबल सिटी, मानेसर और पचगांव चौक तक जाएगी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद दूसरे शहरों से गुरुग्राम आने वाले लोगों के काफी सहूलियत मिलेगी। हालांकि, अभी यह नहीं निर्धारित हो पाया है कि इस कॉरिडोर को हुडा सिटी सेंटर से पुराने गुरुग्राम की तरफ जाने वाली मेट्रो लाइन से लिंक किया जाएगा या फिर अलग से नया रूट बनाया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article