Ira Khan Video: पूरे देश में नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन चल रहा है। दिल्ली में CJP के नेतृत्व में छात्र जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे हैं। अच्छी बात है कि सीजेपी और भारत सरकार के बीच लगातार चर्चा हो रही है। इस मामले पर बॉलीवुड और टीवी के स्टार्स अपनी राय दे रहे हैं। इस बीच आमिर खान (Aamir Khan) की बेटी इरा खान का एक वीडियो सामने आया है, जो कि इंटरनेट वर्ल्ड में तेजी से वायरल हो रहा है। इस क्लिप पर लोग जमकर रिएक्ट कर रहे हैं। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-CJP के सपोर्ट में उतरे Shah Rukh Khan? वायरल हुआ पोस्ट)
इरा खान ने शेयर किया वीडियो
दरअसल, सोशल मीडिया पर कई लोग सवाल उठा रहे थे कि जब फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे छात्रों के समर्थन में खुलकर बोल रहे हैं, तब इरा खान ने इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी। अब इरा ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा वीडियो शेयर कर अपनी चुप्पी की वजह बताई है। इरा खान ने कहा कि वह मेंटल हेल्थ के मुद्दों पर हमेशा खुलकर बात करती हैं, क्योंकि यह उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण टॉपिक है। उन्होंने कहा कि वह हर मुद्दे पर अपनी राय नहीं रखतीं और केवल उन्हीं बातों पर बोलती हैं, जिनमें उन्हें लगता है कि वह कुछ नया या जरूरी जोड़ सकती हैं। उन्होंने बताया कि इस छात्र आंदोलन को लेकर उन्हें ऐसा नहीं लगा कि उनके पास ऐसा कुछ है, जिससे बातचीत में कोई नया नजरिया जुड़ सके। इसलिए उन्होंने इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा। इरा ने यह भी बताया कि वह जानबूझकर खबरों और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखती हैं। उन्होंने कहा कि वह हिंसा या प्रदर्शन से जुड़े वीडियो नहीं देखतीं, क्योंकि ऐसी खबरें उन्हें मानसिक रूप से बहुत परेशान कर देती हैं। इससे वह खुद को बेबस और कमजोर महसूस करने लगती हैं।
इरा ने कहा कि उन्हें यह पता था कि प्रदर्शन हो रहे हैं और क्या चल रहा है, लेकिन उन्होंने खुद को इन घटनाओं से दूर रखा ताकि उनकी मेंटल हेल्थ खराब ना हो। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि जब उन्होंने सोशल मीडिया पर एक रील देखी, जिसमें दावा किया गया था कि उनकी एक कजिन को प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया है, तब वह घबरा गई थीं। हालांकि, बाद में जब उन्हें पता चला कि वह सुरक्षित हैं, तब उन्होंने राहत की सांस ली और अपने काम पर लौट गईं। इरा ने कहा कि अगर उनकी चुप्पी से किसी को यह लगा कि उन्हें छात्रों या इस मुद्दे की परवाह नहीं है, तो इसके लिए वह माफी चाहती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें यह एहसास ही नहीं था कि उनकी आवाज इस मामले में कोई फर्क ला सकती है। आमिर खान की बेटी ने अपने पोस्ट के कैप्शन में इरा खान ने लिखा कि वह समझती हैं कि इस आंदोलन का मुख्य मुद्दा परीक्षा व्यवस्था से जुड़ा है। उनका मानना है कि ऐसे मामलों में बातचीत और अलग-अलग विचार रखने की भी जगह होनी चाहिए।
