Gurugram News: गुरुग्राम से एक बेहद दर्दनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने गुस्से में आकर अपने सहकर्मी के प्राइवेट पार्ट्स में एयर कंप्रेसर से हवा भर दी। जिससे पीड़ित की आंतें फटने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शरीर में हवा अत्यधिक भरने से फटी आंते
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी हरविंदर के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करता था। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को हरविंदर और उसके सहकर्मी नरेश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान गुस्से में आकर आरोपी नरेश ने एक एयर कंप्रेसर की नोजल हरविंदर के प्राइवेट पार्ट्स पर रख दिया और मशीन चालू कर दी। कंप्रेसर से निकली हवा का दबाव इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में हरविंदर के पेट में अत्यधिक हवा भर गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
ये भी पढ़ें - AMU हॉस्टल में छापा, कारतूस और जाली नोट मिलने से हड़कंप
घटना के बाद हरविंदर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक दबाव के कारण उसके पेट में आंतें फट गई थीं, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
खेड़की दौला थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
