शहर

गुरुग्राम में पहली इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल शुरू, UPI से भी टिकट की सुविधा

गुरुग्राम में पहली AC इलेक्ट्रिक सिटी बस का तीन दिन का ट्रायल शुरू हो गया है। ट्रायल सफल के बाद नियमित संचालन किया जाएगा। यात्रियों के लिए नया लूप कार्ड भी शुरू किया गया है, जिससे किराए में 2% छूट मिलेगी।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : PTI

Gurugram Electric Bus: गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुगम, आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। शहर में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (GMCBL) की पहली इलेक्ट्रिक सिटी बस को बेड़े में शामिल कर लिया गया है। इस बस को ट्रायल के लिए सड़क पर उतार दिया गया है। यह बस अगले तीन दिनों तक अलग-अलग रूटों पर परीक्षण के तौर पर चलाई जाएगी। ट्रायल सफल होने के बाद इसे नियमित रूप से यात्रियों के लिए चलाया जाएगा। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए नया 'इंप्रूव्ड लूप कार्ड' और सभी बसों में UPI से टिकट लेने की सुविधा शुरू कर दी गई है।

बेड़े में शामिल होंगी कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें

जीएमडीए (GMDA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा के अनुसार, इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत गुरुग्राम के सार्वजनिक परिवहन को स्वच्छ, स्मार्ट और टिकाऊ बनाने की दिशा में अहम कदम है। फिलहाल शहर में 25 सीटों वाली एयर-कंडीशंड (AC) इलेक्ट्रिक बस शुरू की गई है। आने वाले समय में 24 और बसें गुरुग्राम की सड़कों पर उतरेंगी। चरणबद्ध तरीके से बेड़े में कुल 100 इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है।

नए लूप कार्ड से किराए में मिलेगी छूट

यात्रियों की सुविधा के लिए GMCBL ने नया इंप्रूव्ड लूप कार्ड भी ट्रायल आधार पर शुरू किया है। कार्ड पहली बार खरीदने के लिए 100 रुपये देने होंगे, यह पूरी 100 रुपये की राशि कार्ड में बैलेंस के रूप में मिलेगी। इस कार्ड से यात्रा करने पर यात्रियों को किराए में 2% की छूट मिलेगी। साथ ही इस कार्ड को ऑनलाइन भी रिचार्ज किया जा सकेगा।

पुराने कार्ड का बैलेंस नए कार्ड में होगा ट्रांसफर

जिन यात्रियों के पास पहले से स्मार्ट कार्ड है, उनका बचा हुआ बैलेंस नए लूप कार्ड में ट्रांसफर कर दिया जाएगा। यह कार्ड फिलहाल बस कंडक्टरों के अलावा इफको चौक, मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-52 और सेक्टर-10 बस डिपो, डूंडाहेड़ा बस स्टॉप और हीरो होंडा चौक बस स्टॉप से भी लिया जा सकता है।

अब UPI से भी दे सकेंगे किराया

डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए सभी गुरुगमन बसों में UPI से टिकट भुगतान की सुविधा शुरू कर दी गई है। हर बस में स्मार्ट पीओएस (POS) मशीन लगाई गई है, जिससे यात्री किसी भी UPI ऐप जैसे PhonePe, Paytm, Google Pay आदि) से तुरंत क्यूआर कोड स्कैन कर टिकट ले सकते हैं। फिलहाल शहर में करीब 28% किराया डिजिटल माध्यम से आ रहा है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article