Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के बीच की दूरी कम करने के लिए यमुना नदी का पुल बनकर तैयार हो चुका है। पुल पर आवाजाही के लिए बनने वाली एप्रोच रोड का काम भी जल्द शुरू होने वाला है। सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण के काम में तेजी आई है। दोनों शहरों के लोग बहुत जल्द ही इस पुल से सफर कर सकेंगे।
बता दें कि शासन की ओर से एप्रोच रोड बनाने की प्रक्रिया को तेज करने का लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया है। ग्रेटर नोएडा व फरीदाबाद के बीच कालिंदी कुंज, दिल्ली होते हुए आवाजाही के अलावा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का विकल्प रहता हैं। दोनों रास्ते लंबे होने कारण लोगों को समय अधिक लग जाता है।
315 करोड़ की लागत से बना है पुल
ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के बीच की दूरी कम करने के लिए ग्रेटर नोएडा के अट्टा गुजरान और फरीदाबाद के मंझावली के बीच यमुना नदी पर पुल बनाने की योजना 9 साल पहले तैयार की गई थी। काफी लंबे वक्त के बाद अब यह पुल बनकर तैयार हो चुका है। हरियाणा की ओर एप्रोच रोड निर्माण करने का काम भी शुरू हो हो गया है। यमुना नदी पर 315 करोड़ रुपये की लागत से 630 मीटर लंबा पुल बनकर तैयार हो गया है।
नाव से से होता था दोनों शहरों में आवागमन
जानकारी के लिए बता दें कि, पुल को जोड़ने वाली एप्रोच रोड जगनपुर अफजलपुर गांव के समीप की सड़क से जोड़ दी जाएगी। दोनों शहरों के बीच आवाजाही का नया विकल्प तैयार होने से राजधानी दिल्ली में वाहनों का दबाव कम होगा। लोक निर्माण विभाग (गौतमबुद्ध नगर) की अधिशासी अभियंता कंचन सिंह वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया है कि, ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के बीच यमुना नदी पर पुल बनकर तैयार है। पहले लोग नाव से दोनों शहरों के लिए आते जाते रहते थे। पुल का निर्माण करने के लिए बनाए गए अस्थाई पुल से फिलहाल आवाजाही हो रही है। उन्होंने बताया जल्द ही एप्रोच रोड का निर्माण होगा। लोक निर्माण विभाग (गौतमबुद्ध नगर) की अधिशासी अभियंता कंचन सिंह वर्मा ने कहा कि पुल के शुरू होने से बीस मिनट में दोनों शहरों के बीच आवाजाही हो सकेगी।
