ग्रेटर नोएडा

Jewar Airport: खुलने की तैयारी में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, उद्घाटन की आ गई तारीख

ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख घोषित हो गई है। जेवर में बन रहा यह हवाईअड्डा एनसीआर का दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा। जल्द ही पीएम नरेंद्र मोदी इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते हैं।

Image

उद्घाटन के लिए तैयार हो रहा जेवर एयरपोर्ट

ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा और NCR का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन रहा है। जेवर में बन रहे इस हवाई अड्डे का नाम नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट रखा गया है और नोएडा के अधिकारी एयरपोर्ट के उद्घाटन (Jewar Airport Opening Date) की तैयारियां तेज कर दी हैं। एयरपोर्ट के उद्घाटन के कार्यक्रम की तिथि घोषित कर दी गई है। सिविल एविएशन मिनिस्टर राम मोहन नायडू ने तारीख का ऐलान किया है।

गाजियाबाद में हिंडन एयरपोर्ट पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने ये जानकारी साझा की है। उद्घाटन के 45 दिन में फ्लाइट का संचालन शुरू होगा। इसके लिए कई एयरलाइंस से बातचीत चल रही है। जानकारी के मुताबिक, एयरलाइंस ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालन के लिए रुचि दिखाई है। पहले फेज में 10 शहरों को जोड़ा जाएगा।

यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल विकास अथॉरिटी (YEIDA) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के सीईओ राकेश कुमार सिंह व नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने मंगलवार को उद्घाटन कार्यक्रम के लिए चुनी गई जगह का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, जनसभा स्थल, अधिकारियों की जिम्मेदारियां और कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के मार्ग जैसे विषयों पर चर्चा हुई। अधिकारियों का मानना है कि उद्घाटन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, ताकि अंतिम समय में उद्घाटन कार्यक्रम में किसी तरह की दिक्कत न आए।

जल्द शुरू होंगी उड़ानें

जेवर में बन रहा यह एयरपोर्ट NCR का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा होगा। अधिकारियों के अनुसार एयरपोर्ट का अधिकांश काम पूरा हो चुका है और अगले महीने तक यह उद्घाटन के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा। यानी आप भी तैयार रहें, हो सकता है इस बार दिवाली के गिफ्ट के तौर पर प्रदेश और क्षेत्रवासियों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात मिल जाए और यहां से उड़ान सेवाएं शुरू हो जाएं।

पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का शिलान्यास किया था। अब जब एयरपोर्ट के उद्घाटन का समय आ रहा है तो उद्घाटन भी पीएम मोदी से ही करवाया जा सकता है। हालांकि, उद्घाटन की तारीख तय नहीं है, लेकिन तारीख तय होते ही अंतिम चरण की तैयारी भी शुरू हो जाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article