दिल्ली

Delhi News: UER-2 के टोल को लेकर थम नहीं रहा बवाल, 21 सितंबर को चक्का जाम की तैयारी!

दिल्ली के बाहरी इलाकों में यूईआर-2 टोल टैक्स को लेकर विरोध लगातार जारी है। पालम 360 खाप के प्रधान सुरेंद्र सोलंकी ने ग्रामीणों से आंदोलन का आह्वान किया है। ग्रामवासियों ने चेतावनी दी कि यदि 20 सितंबर तक टोल फ्री की घोषणा नहीं हुई तो 21 सितंबर से दिल्ली देहात में बड़ा चक्का जाम किया जाएगा।

Image

UER 2 से टोल नहीं हटाया गया तो 21 सितंबर को चक्का जाम की तैयारी (फोटो - IANS)

Photo : IANS

बाहरी दिल्ली के लिए वो दिन काफी बड़ा था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UER-2 का उद्घाटन किया था। लेकिन इस शहरी एक्सप्रेसवे पर टोल लगाने के सरकार के फैसले से बाहरी दिल्ली के लोग बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। UER-2 टोल टैक्स को लेकर लगातार विरोध की आवाज उठायी जा रही है। यहां तक कि बाहरी दिल्ली के किसान और स्थानीय निवासी टोल प्लाजा पर पहुंचकर धरना प्रदर्शन भी कर चुके हैं। अब भी अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो उन्होंने 21 सितंबर को बाहरी दिल्ली में चक्का जाम की चेतावनी दी है।

बाहरी दिल्ली में यूईआर-2 टोल टैक्स को लेकर विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। कल यानी मंगलवार 16 सितंबर को पालम 360 खाप के प्रधान चौधरी सुरेंद्र सोलंकी ने मदनपुर, रानीखेड़ा और मुबारकपुर, रसूलपुर, कोटला और झड़ौदा गांवों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।

इन गांवों में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सुरेंद्र सोलंकी ने कहा कि अगर 20 सितंबर तक ग्रामीणों की मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 21 सितंबर को दिल्ली देहात में बड़ा चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि यह आंदोलन सिर्फ टोल टैक्स के खिलाफ नहीं, बल्कि दिल्ली देहात के अधिकारों की लड़ाई है।

ग्रामवासियों का कहना है कि दिल्ली देहात के इतिहास में कभी टोल टैक्स नहीं थोपा गया और अब भी इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उनका आरोप था कि पिछली सरकारों ने किसानों की जमीन औने-पौने दामों पर हड़प ली थीं और अब वर्तमान सरकार उन पर टोल टैक्स थोपना चाहती है।

सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि सरकार आगामी शनिवार 20 सितंबर तक टोल टैक्स फ्री करने की घोषणा नहीं करती है, तो 21 सितंबर से ग्रामीण खुद टोल टैक्स बंद कर देंगे। बाहरी दिल्ली के किसानों और ग्रामीणों के इस ऐलान के बाद बाहरी दिल्ली के इलाकों में तनाव और बढ़ने की आशंका है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article