ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मंगलवार तड़के चारमूर्ति चौराहे के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ था। जिसमें ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले एक युवक और युवती की मौत हो गई थी। Ducati Scrambler बाइक पर सवार यह दोनों शख्स आधी रात को सवारी पर निकले थे। इसी दौरान जब बाइक ताज हाईवे से होते हुए चार मूर्ति चौक पर पहुंची तो तेज रफ्तार कार यहां पर आयरन गार्डरेल तोड़ती हुई सात फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी थी। बता दें कि चार मूर्ति चौक पर अंडरपास बनाने का काम किया जा रहा है और यह बाइक उसी अंडरपास के गड्ढे में जा गिरी, जिसमें युवक और युवती की मौत हो गई। अब इस घटना का CCTV फुटेज सामने आया है।
CCTV फुटेज को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसे के समय बाइक की स्पीड कितनी ज्यादा रही होगी। पुलिस के अनुसार भी बाइक की स्पीड ज्यादा थी और बाइक चला रहे युवक ने शायद बाइक पर से कंट्रोल खो दिया था।
वहां लगाई गई सुरक्षा रेलिंग के बाद रखे गए सैंडबैग्स भी उन्हें गड्ढे में गिरने को नहीं रोक पाए। पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय अंकुर सिंह ने करीब 2:30 बजे अपनी दोस्त कशिश (25) को गौर सिटी 14th एवेन्यू सोसाइटी से पिक किया था। वे संभवतः पंचशील ग्रीन 2 स्थित अंकुर के फ्लैट की ओर जा रहे थे।
हादसे की जानकारी मिलते ही बिसरख थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारी ने बताया कि बाइक सीधे निर्माण स्थल की रेलिंग से टकराई और गड्ढे में जा गिरी। ऐसा माना जा रहा है कि दोनों निर्माण सामग्री और मशीनों पर गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। सेक्टर-39 के जिला अस्पताल ले जाते समय ही दोनों की मौत हो गई।
