Greater Noida Crime: एक युवक का बचपन में एक युवती के साथ बाल विवाह हुआ। विवाह के समय लड़का 8वीं क्लास में पढ़ रहा था और युवती 5वीं क्लास में थी। युवक ने नौवीं के बाद खुद तो पढ़ाई छोड़ दी, लेकिन अपनी पत्नी को ग्रेजुएशन करा दिया। जब दोनों बड़े हुए तो युवक अपनी दुल्हन को लाने के लिए ससुराल पहुंचा, लेकिन पत्नी ने अपने पति को अनपढ़ और गंवार बता कर साथ आने से इनकार कर लिया। इससे अपमानित पति ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर पत्नी को सबक सिखाने के लिए खौफनाक साजिश रची, लेकिन वह अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता, इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
फिल्म की कहानी जैसी लगने वाला यह पूरा मामला ग्रेटर नोएडा का है। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस ने जब दो युवकों को हथियार के साथ गिरफ्तार कर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। दोनों युवकों की पहचान गांव तुगलपुर निवासी कृष्णा और अजीत के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के पास से पुलिस ने एक पिस्टल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, कृष्णा अपने साथी के साथ मिलकर अपनी पत्नी की हत्या करने जा रहा था, लेकिन इसकी भनक पुलिस को पहले ही लग गई और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
