Greater Noida News: इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में अपनी प्रेमिका की निर्मम हत्या कर फरार हुआ मुकीब नाम का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी प्रेमिका शबनम का गला काटकर बेरहमी से हत्या की थी और मौके से फरार हो गया था।
पीछा छुड़ाने के लिए की थी हत्या
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मुकीब, दादरी निवासी है और मृतका शबनम के साथ लंबे समय से रिश्ते में था। लेकिन पत्नी और बच्चों के विरोध के चलते वह शबनम से पीछा छुड़ाना चाहता था। इसी के चलते उसने योजना बनाकर शबनम को एक किराए के कमरे में बुलाया और वहां धारदार हथियार से उसका गला काट दिया।
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
हत्या की सूचना के बाद इकोटेक-3 पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। शुक्रवार को चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर जब आरोपी घिर गया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से मुकीब घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अवैध हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। अब मामले में हत्या, हथियार कानून और पुलिस पर हमले की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी का क्रिमिनल बैकग्राउंड भी खंगाला जा रहा है और यदि कोई अन्य आपराधिक संलिप्तता सामने आती है तो उसे भी जोड़ा जाएगा।
