ग्रेटर नोएडा

दिवाली के दिन मिल रहा जेवर एयरपोर्ट के पास प्लॉट खरीदने का मौका, नए साल पर निकलेगा ड्रॉ

ग्रेटर नोएडा में बन रहे नोएडा इंटरनेशल एयरपोर्ट के पास प्लॉट लेकर अपना घर बनाने का आपका सपना अब पूरा होने वाला है। दिवाली के दिन यानी गुरुवार 31 अक्टूबर को YEIDA नई प्लॉट स्कीम लॉन्च कर रहा है, जिसके लिए ड्रॉ 27 दिसंबर को होगा। यानी किस्मत अच्छी रही तो नए साल पर प्लॉट आपका हो जाएगा।

Image

यमुना सिटी में प्लॉट योजना

Photo : Twitter

पूरे दिल्ली-एनसीआर में ग्रेटर नोएडा लगातार अपनी चमक बिखेर रहा है। यहां लगातार उद्योग-धंधे लग रहे हैं। देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट भी यहां बन रहा है। फिल्म सिटी भी बन रही है और यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) और प्राइवेट बिल्डरों के कई प्रोजेक्ट भी यहां पर आ रहे हैं। अब आपके पास अवसर है नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास अपने सपनों का घर बनाने का। दिवाली के अवसर पर गुरुवार 31 अक्टूबर को YEIDA आवासीय प्लॉट की योजना लॉन्च कर रहा है। चलिए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के पास अपने सपनों के घर का सपना पूरा करने का सुनहरा अवसर दिवाली के दिन आपका दरवाजा खटखटाने आ रहा है। YEIDA 31 अक्टूबर को सेक्टर-18 और सेक्टर 24ए में 821 रेजिडेंशियल प्लॉट की योजना लॉन्च करेगा। इस योजना के तहत आपको 30 नवंबर तक आवेदन करने का अवसर मिलेगा। अगर आपकी किस्मत अच्छी रही तो नए साल के अवसर पर आपके नाम पर प्लॉट आवंटित कर दिया जाएगा, क्योंकि ड्रॉ 27 दिसंबर 2024 को होगा।

दिवाली के दिन लॉन्च हो रही इस योजना के में अधिकांश छोटे प्लॉटों को ही शामिल किया गया है। YEIDA के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह का कहना है कि इस बार 821 भूखंडों की योजना लाई जाएगी, इसका ब्रॉशर भी तैयार हो चुका है। उन्होंने बताया कि योजना दिवाली के दिन 31 अक्टूबर को लॉन्च होगी।

कितने बड़े प्लॉट की योजना

इस योजना के तहत 120, 162, 200 और 250 स्क्वायर मीटर के प्लॉटों को शामिल किया गया है। YEIDA क्षेत्र में पहली बार 250 स्क्वायर मीटर के प्लॉट शामिल किए गए हैं। इस योजना के तहत सेक्टर 24ए में कुल 344 और सेक्टर 18 के दो ब्लॉक 1ए और 9बी में कुल 477 रेजिडेंशियल प्लॉट हैं। इस योजना के तहत किसानों को 17.5 आरक्षण मिलेगा।

इसलिए यहां घर बनाने का सपना संजो रहे लोग

ग्रेटर नोएडा के इस इलाके में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का काम तेजी से चल रहा है और अगले साल की शुरुआत में यहां से उड़ाने शुरू हो जाएंगी। फिल्म सिटी के भी यहां आने से यहां घर बनाने वालों की संख्या में अच्छा-खासा इजाफा हुआ है। YEIDA इससे पहले 361 रेजिडेंशियल प्लॉट की योजना लेकर आया था, जिसके लिए दो लाख से ज्यादा लोगों ने आवेदन किया था। उम्मीद की जा रही है कि इस बार भी दो लाख से ज्यादा लोग आवेदन करेंगे।

नर्सरी स्कूल और क्रैच के लिए योजना

YEIDA के सेक्टर 17, 18 और 22डी में नर्सरी स्कूल व क्रैच खोले जाने की भी योजना है। इसके लिए भी 8 प्लॉट की योजना लॉन्च की जा रही है। क्रैच या शिशु गृह के लिए 1000 स्क्वायर मीटर व नर्सरी स्कूल के लिए 1000 से 1500 स्क्वायर मीटर के प्लॉट अलॉट किए जाएंगे।

स्कूल और डिग्री कॉलेज भी खुलेंगे

YEIDA के सेक्टर 17ए और 22ई में रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर सहित स्कूल व डिग्री कॉलेज भी बनेंगे। प्राधिकरण की ओर से विभिन्न संस्थानों के लिए पांच प्लॉट की योजना लॉन्च की जा रही है। शहर में अच्छे शैक्षणिक संस्थान खुलें इसके लिए प्लॉट का अलॉटमेंट इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article