Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लिफ्ट अटकने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी का है, जहां एक 10 साल का बच्चा करीब एक घंटे तक लिफ्ट में फंसा रहा। परिजनों का आरोप है कि बच्चे ने अलार्म बटन दबाया, लेकिन मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। सोसाइटी में मौजूद लोग अलार्म की आवाज भी नहीं सुन पाए।
घंटे भर बाद खुला दरवाजा
काफी देर बाद एक पड़ोसी ने बच्चे की चीख सुनकर उसके परिजनों को सूचना दी। तुरंत मौके पर पहुंचे परिजनों और अन्य लोगों ने काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर बच्चे को बाहर निकाला। घटना के बाद बच्चे के परिवार ने सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम से शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि सोसाइटी में उस समय कोई लिफ्ट ऑपरेटर मौजूद नहीं था, जिसकी वजह से मदद मिलने में देर हुई।
लिफ्ट से जुड़ी खबरें नहीं
ऐसा नहीं है कि ग्रेटर नोएडा में लिफ्ट की किसी गड़बड़ी से जुड़ी यह पहली घटना है। आए दिन खबरों में ऐसी घटनाएं जगह पा जाती है। बीते शुक्रवार को ही ग्रेटर नोएडा की NRI सोसाइटी F टावर की लिफ्ट ही नीचे गिर गई थी। इस तरह के हादसे हाई राइज सोसाइटियों में रखरखाव की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। गिरी हुई लिफ्ट वीडियो एक महिला निवासी ने बनाया था, जिसमें उसने आरोप लगाया कि लिफ्टों का नियमित रखरखाव नहीं हो रहा था और प्रबंधन सुरक्षा चूक की जिम्मेदारी लेने से बचता रहा। वीडियो में महिला की आवाज सदमे से कांपती हुई सुनाई देती है, जिसमें वह बार-बार कह रही हैं कि “आज कोई बड़ी घटना हो सकती थी” और सवाल कर रही हैं कि जिम्मेदार अधिकारी कहां हैं। NRI सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि F टावर की लिफ्टों में लगातार समस्याएं आ रही थीं, लेकिन मेंटिनेंस टीम ने शिकायतों को बार-बार नज़रअंदाज किया। सोसाइटी के सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया था कि न तो नियमित सर्विसिंग की जाती है, न ही शिकायतों पर समय पर प्रतिक्रिया मिलती है। हालांकि गनीमत थी कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ था।
