शहर

Greater Noida: शराब के पैसे को लेकर बेटे को बांस से मारा, इलाज के दौरान मौत; आरोपी पिता गिरफ्तार

Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क क्षेत्र में शराब के पैसों को लेकर हुए विवाद में पिता ने बांस के डंडे से हमला कर बेटे की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल डंडा बरामद कर लिया है।

Image

नशे की हालत में किया था हमला (सांकेतिक चित्र)

Photo : iStock

Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब के पैसों को लेकर हुए घरेलू विवाद में एक पिता ने अपने ही बेटे के सिर पर बांस के डंडे से हमला कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 47 वर्षीय देवेंद्र के रूप में हुई है।

शराब के पैसों को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 21 जून की है। आरोपी देवेंद्र शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा था और उसने अपने बेटे करण से और शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे। जब करण ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। अगली सुबह, गुस्से में तिलमिलाया देवेंद्र वापस घर लौटा और करण के सिर पर बांस के भारी डंडे से जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण करण खून से लथपथ होकर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में तोड़ा दम, मां की शिकायत पर केस दर्ज

गंभीर रूप से घायल करण को परिजनों ने तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 22 जून को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की मां की शिकायत के आधार पर नॉलेज पार्क थाने में आरोपी देवेंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेंद्र को एक्सपो मार्ट और तुगलकपुर के बीच नाले वाली सड़क पर एक पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article