शहर

Greater Noida: फर्जी ट्रेडिंग एप के जाल में फंसा जवान; साइबर ठगों ने निवेश के नाम पर 51 लाख हड़पे

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर ITBP के एक जवान से करीब 51 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। फर्जी निवेश प्लेटफॉर्म के जाल में फंसकर जवान लंबे समय तक रकम ट्रांसफर करता रहा। जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की, तब जाकर इस बड़े साइबर फ्रॉड का खुलासा हुआ।

Image

ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने जवान से ऐंठे 51 लाख (सांकेतिक चित्र)

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर ITBP के एक जवान से लाखों रुपये ठग लिए गए। ठगों ने खुद को इनवेस्टमेंट एक्सपर्ट बताकर भरोसा जीता और फिर फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के जरिए बड़ी रकम ऐंठ ली। जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की, तब जाकर पूरे खेल का खुलासा हुआ।

ऑनलाइन संपर्क से शुरू हुई ठगी

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले का रहने वाला ITBP जवान फिलहाल ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके में तैनात है। अगस्त महीने में सोशल मीडिया के जरिए उसकी बातचीत एक महिला से शुरू हुई, जिसने खुद को शेयर बाजार की जानकार बताया। उसने कम समय में ज्यादा मुनाफे का दावा करते हुए एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जुड़ने की सलाह दी।

71 बार में ट्रांसफर हुए 51 लाख रुपये

ठग महिला ने जवान को एक एप का लिंक भेजकर रजिस्ट्रेशन कराया। शुरुआत में कम रकम निवेश करने पर खाते में मुनाफा दिखाया गया और कुछ पैसे वापस भी ट्रांसफर किए गए। इससे जवान का भरोसा मजबूत हो गया और वह लगातार निवेश करता चला गया। सितंबर और अक्टूबर के दौरान ठगों के निर्देश पर जवान ने अलग-अलग बैंक खातों में कई बार पैसे भेजे। नवंबर की शुरुआत तक कुल 71 ट्रांजैक्शन के जरिए करीब 51 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। एप पर उसका निवेश बढ़कर एक करोड़ रुपये से ज्यादा दिखाया जाने लगा।

पैसे निकालते समय हुआ शक

जब जवान ने पूरी रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर और पैसे जमा करने को कहा। यहीं से उसे ठगी का अंदेशा हुआ। इसके बाद भी कुछ दिनों तक टालमटोल होती रही और अंत में ठगों ने संपर्क पूरी तरह खत्म कर दिया।

साइबर थाने में दर्ज हुआ केस

परेशान होकर पीड़ित ने NCRP पोर्टल और साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। साइबर सुरक्षा अधिकारी समय-समय पर लोगों को आगाह करते रहते हैं कि शेयर बाजार में निवेश के नाम पर अनजान लोगों के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से दूरी रखें और ठगी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते रकम को फ्रीज किया जा सके।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article