Gorakhpur Crime: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने गुरु और शिष्य के पवित्र रिश्ते पर गहरा दाग लगा दिया है। यहां एक प्राइवेट इंटर कॉलेज की 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ स्कूल के ही एक टीचर ने 4 महीने तक दरिंदगी की। आरोपी टीचर स्कूल मैनेजर का बेटा है और फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
इस खौफनाक घटना का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित छात्रा ने गुरुवार को आत्महत्या करने की कोशिश की। दरअसल, आरोपी टीचर ने छात्रा से फोन पर हुई बातचीत की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग इंटरनेट पर अपलोड कर दी थी ताकि उस पर मिलने का दबाव बनाया जा सके। बदनामी के डर से घबराई छात्रा ने अपनी जान देने जैसा खौफनाक कदम उठा लिया।
पीड़िता के दादा ने शुक्रवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, करीब चार महीने पहले आरोपी ने स्कूल की छुट्टी के बाद छात्रा को अपने केबिन में बुलाया और उसके साथ छेड़छाड़ की। जब छात्रा ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे परीक्षा में फेल करने और पूरे स्कूल में बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद उसने जबरन छात्रा से दुष्कर्म किया और उसका मोबाइल नंबर भी ले लिया।
आरोपी की हैवानियत यहीं नहीं रुकी। उसने मासूम छात्रा को गोरखपुर शहर के किसी अच्छे स्कूल में एडमिशन दिलाने, वहां रहने के लिए कमरा किराये पर देने और पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का झूठा लालच दिया। इसी झांसे में रखकर वह महीनों तक उसका यौन शोषण करता रहा। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित छात्रा का पिता मुंबई में काम करता है, और वह गांव में अपनी मां, दादा और छोटी बहन के साथ रहती है।
हाल ही में जब छात्रा ने आरोपी से मिलने से साफ इनकार कर दिया, तो गुस्से में आकर उस टीचर ने फोन कॉल की रिकॉर्डिंग वायरल कर दी। गोला क्षेत्र के सर्किल ऑफिसर दरवेश कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर 29 वर्षीय आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
