शहर

दिल्ली से सर्दी की विदाई, जानें AQI का क्या है हाल?

दिल्ली में पिछले दो दिनों से जिस तरह से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है, उससे साफ है कि अब गर्मी का दिन लौटने वाले हैं। अब कहा जा सकता है कि दिल्ली से सर्दी की विदाई हो चुकी है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ऐसे में यह जानना रोचक होगा कि दिल्ली का AQI कितना है?

Image

दिल्ली से सर्दी की विदाई, AQI का क्या है हाल?

दिल्ली की सर्दी! ये सिर्फ एक छोटा का वाक्य नहीं, बल्कि इस साल ठंड ने दिखा दिया कि इस वाक्य का असली मतलब क्या होता है? पिछले लगभग 2 महीनों से लगातार ठंड और शीतलहर से दिल्ली-एनसीआर के लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। ठंडी हवाओं के चलते दिन में भी ठिठुरन महसूस हो रही थी। लेकिन अब दिल्ली से ठंड की विदाई हो गई है। जी हां, अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम हल्की ठंड जरूर महसूस होगी, लेकिन यहां से तापमान में लगातार बढ़ोतरी ही देखने को मिलेगी। दिल्ली का अधिकतम तापमान 26 डिग्री तक पहुंच चुका है, जो बताता है कि अब ठंड की विदाई हो चुकी है। जैसा कि हमने बताया सुबह-शाम हल्की ठंड होगी, उसी के अनुसार IMD के मुताबिक सुबह का तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।

आज यानी बुधवार 11 फरवरी को सुबह कुछ इलाकों में हल्की धुंध छाई देखने को मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की थी। कल यानी मंगलवार 10 फरवरी की सुबह दिल्लीवासियों का स्वागत मुख्य रूप से साफ आसमान और खिली धूप ने हुआ था और ठंड से भी राहत मिली। अब आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

आईएमडी के अनुसार, अगले हफ्ते अधिकतम तापमान में और बढोतरी हो सकती है, जिससे दिन अपेाकृत गर्म रहेंगे। हालांकि, न्यूनतम तापमान में अगले सात दिनों तक कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं और यह सामान्य सीमा (-1.5°C से 1.5°C के बीच) में बना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जबकि 14 फरवरी को आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। सुबह के समय हल्की धुंध बने रहने की भी संभावना जताई गई है।

दिल्ली में AQI का क्या हाल है?

दिल्ली में तापमान यानी ठंड और गर्मी तो चर्चा का विषय रहते ही हैं। इसके साथ ही AQI यानी वायु गुणवत्ता भी हमेशा सुर्खियों में बनी रहती है। ऐसे में आप जानना चाहते होंगे कि मौसम गर्म होने लगा है तो अब दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) कितना है। बता दें कि दिल्ली का AQI अब भी खराब श्रेणी में बना हुआ है। दिल्ली में 287 का AQI पिछले कुछ महीनों की तुलना में बेहतर जरूर दिखता है, लेकिन यह भी स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं है।

दिल्ली में आनंद विहार, अशोक विहार, बवाना, चांदनी चौक और ITO जैसे प्रमुख इलाकों में AQI 300 के पार पहुंचकर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया जा रहा है। हालांकि, कुछ इलाकों, जैसे लोधी रोड, मंदिर मार्ग, NSIT द्वारका और श्री अरबिंदो मार्ग में AQI‘मध्यम’ स्तर पर दर्ज किया गया है। प्रशासन ने अब भी बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को ज्यादा प्रदूषण के समय लंबे समय तक बाहर रहने से बचने की सलाह दी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article