Gujarat News: गुजरात के गिर सोमनाथ जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां ऊना तालुका के दमासा गांव में एक खूंखार शेर ने 4 साल की मासूम बच्ची को अपना शिकार बना लिया। सोमवार शाम करीब 7 बजे हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है।
मां की आंखों के सामने झपट्टा मार ले गया शेर
जानकारी के अनुसार, 4 वर्षीय मासूम बच्ची हेमांशी अपने घर के बरामदे में अपनी मां सविताबेन के साथ बैठी थी। मां अपने छोटे बेटे को दवा देने और घर के कामों में व्यस्त थी, तभी अचानक एक शेर वहां आ धमका। पलक झपकते ही शेर ने हेमांशी पर हमला किया और उसे अपने जबड़ों में दबाकर उठा ले गया। मां के सामने सब कुछ इतना तेजी से हुआ कि वह शोर मचाने के अलावा कुछ नहीं कर पाई।
खेतों में मिला बच्ची का शव, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
शेर बच्ची को उठाकर घर से करीब 500 मीटर दूर बाजरे के खेतों में ले गया। गांव वालों ने हिम्मत दिखाते हुए शेर का पीछा किया और शोर मचाया, जिसके बाद शेर बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हालांकि, जब तक ग्रामीण वहां पहुंचे, तब तक मासूम हेमांशी दम तोड़ चुकी थी। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि सूचना देने के बाद भी फॉरेस्ट टीम करीब एक घंटे देरी से पहुंची।
4 घंटे में पकड़ा गया 'कातिल' शेर
घटना की गंभीरता को देखते हुए गीर पूर्व वन विभाग (धारी) ने तुरंत मोर्चा संभाला। नायब वन संरक्षक विकास यादव और सहायक वन संरक्षक कपिल भाटिया के निर्देशन में पांच अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। करीब 4 घंटे चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद वन विभाग ने शेर की लोकेशन ट्रेस कर ली। वेटरनरी डॉक्टर पियूष मालवी की मौजूदगी में शेर को ट्रेंकुलाइज (बेहोश) किया गया और पिंजरे में बंद कर जसाधार एनिमल केयर सेंटर ले जाया गया।
