शहर

गाजियाबाद में शोभायात्रा पर पथराव से भड़की हिंसा, 10 लोग हिरासत में; इलाके में कड़ी सुरक्षा

गाजियाबाद के कैला भट्टा में शोभायात्रा के दौरान हुई झड़प ने अचानक तनाव का माहौल पैदा कर दिया। इस दौरान शोभायात्रा पर पथराव हुआ। जिसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल स्थिति काबू में है।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Ghaziabad News: गाजियाबाद के कैला भट्टा इलाके में देवी दुर्गा के मंदिर से दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की एक शोभायात्रा को कथित रूप से निशाना बनाकर पथराव किया गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। अधिकारियों के अनुसार विवाद की शुरुआत पीएसी चौक के पास उस समय हुई जब एक श्रद्धालु साजन और स्थानीय निवासी मोहम्मद जैद के बीच हल्की टक्कर हो गई। यह मामूली कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई, जब 15-20 लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर श्रद्धालुओं को रास्ता रोकने का आरोप लगाते हुए घेर लिया।

शोभायाक्षा पर छतों से पथराव

शिकायतकर्ता टिंकू ने आरोप लगाया कि उक्त समूह ने साजन पर हमला किया, जिसके बाद शोभायात्रा में शामिल अन्य लोगों के साथ भी झड़प हो गई। शोभायात्रा में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस हिंसक झड़प के दौरान आसपास की छतों से शोभायात्रा पर पथराव किया गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों में गौरव, विक्की, भारत, साजन, सोनी, पूजा, भारती, सन्नो और मंशा (एक गर्भवती महिला) सभी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छह लोगों को छुट्टी दे दी गई, जबकि चार लोग अभी भी इलाजरत हैं।

झड़प के बाद हालात काबू, प्रशासन अलर्ट पर

नगर क्षेत्र के पुलिस उपायुक्‍त (डीसीपी) धवल जायसवाल ने बताया कि घटना के संबंध में 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि झड़प के कारण इलाके में तनाव पैदा हो गया था, लेकिन पुलिस और प्रशासन की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस अधिकारी ने कहा, "फिलहाल क्षेत्र में शांति है और स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।" उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article