Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में नेशनल हाईवे-9 (NH-9) पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सीतापुर डिपो की एक रोडवेज बस अनियंत्रित होकर बहरामपुर फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे की चपेट में सरियों से लदी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली भी चपेट में आ गई। इस हादसे में बस चालक समेत कुल 10 यात्री घायल हुए हैं। प्राथमिक जांच में दुर्घटना की मुख्य वजह चालक को नींद की झपकी आना माना जा रहा है।
डिवाइडर से टकराई बस (Ghaziabad Accident)
जानकारी के अनुसार, सीतापुर डिपो की यह रोडवेज बस सोमवार तड़के करीब पांच बजे लाल कुआं से दिल्ली की ओर जा रही थी। बस को पीलीभीत निवासी चालक विपिन कुमार चला रहे थे। जैसे ही बस एनएच-9 स्थित बहरामपुर फ्लाईओवर पर पहुंची, चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। रफ्तार अधिक होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर की दीवार से जा टकराई। इस हादसे की चपेट में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली भी आ गई। ट्रॉली पर सरिया लदा हुआ था। एक्सीडेंट में ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी भारी क्षति पहुंची है।
नींद में थे यात्री, मची चीख-पुकार
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिसके कारण किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर लगते ही बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग और स्थानीय निवासी मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी।
चालक की हालत गंभीर, दिल्ली रेफर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी 10 घायलों को तुरंत गाजियाबाद के जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, चालक विपिन कुमार को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य यात्रियों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। हाईवे पर हुए इस हादसे के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ है।
